पहली बार बांग्लादेश की मेजबानी कर रही टीम इंडिया ने मनचाहे ढंग से रन बनाए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान विराट कोहली (111 नाबाद) और मुरली विजय (108) के शतकों की मदद से 3 विकेट खोकर 356 रन बनाए।
कोहली के साथ अजिंक्या रहाणे 45 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। कोहली और विजय के अलावा चेतेश्वर पुजारा ने 83 रनों की पारी खेली। भारत को पहला झटका पहले ही ओवर में लोकेश राहुल (2) के रूप में लगा। बांग्लादेश के लिए तस्कीन अहमद, मेहदी हसन और तैजुल इस्लाम ने 1-1 विकेट लिया।
LIVE SCORE
विराट कोहली का यह 16वां टेस्ट शतक है। कोहली ने अपनी पारी में मनमर्जी से चौके लगाए और रहाणे के साथ चौथे विकेट के लिए 122 रनों की अविजित साझेदारी की। इससे पहले शुरुआती झटके से टीम को उबारत हुए चेतेश्वर पुजारा और मुरली विजय ने दूसरे विकेट के लिए 178 रन जोड़े।
भारत ने पहले सत्र में 1 विकेट खोकर 86 रन, दूसरे सत्र में 1 विकेट गंवाकर 120 रन और आखिरी सत्र में 150 रन बनाए। आखिरी सत्र में भारत ने 4.6 रन प्रतिओवर के हिसाब से रन बनाए। भारत चाहेगा कि वो दूसरे दिन भी बल्लेबाजी करे और उसे दोबारा बल्लेबाजी करने के लिए नहीं उतरना पड़े।