पहले टेस्ट के लिए रोहित की जगह इंडिया-ए के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन को टीम में शामिल किया गया है। ईश्वरन फिलहाल बांग्लादेश के दौरे पर ही हैं। वह बांग्लादेश-ए के खिलाफ चार दिवसीय मैच में इंडिया-ए की कप्तानी कर रहे थे। ईश्वरन ने बांग्लादेश-ए के खिलाफ सीरीज में बैक टू बैक सेंचुरी लगाई थी। ईश्वरन ने बांग्लादेश की 'ए' टीम के खिलाफ पहले टेस्ट में 141 रन बनाए थे। वहीं, दूसरे टेस्ट में उन्होंने 157 रन बनाए।
इसी के साथ बीसीसीआई ने एक और बड़ा अपडेट दिया है। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा चोट की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं। बीसीसीआई के मुताबिक, शमी कंधे की चोट से और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा घुटने की से पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं और टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। शमी की जगह नवदीप सैनी और जडेजा की जगह बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार को टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा जयदेव उनादकट को भी टीम में शामिल किया गया है।
सौरभ कुमार और जयदेव उनादकट
- फोटो : सोशल मीडिया
बांग्लादेश-ए के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में सौरभ कुमार शानदार फॉर्म में थे। वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। सौरभ ने 15 विकेट चटकाए। 74 रन देकर छह विकेट उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी रही। सौरभ इससे पहले भी टीम में शामिल हो चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक डेब्यू का मौका नहीं मिला है। वहीं, जयदेव उनादकट विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में थे। उनके पास काफी अनुभव है जो टीम इंडिया के काम आ सकता है। नवदीप सैनी पिछले काफी समय से टेस्ट टीम से बाहर हैं। पिछली बार वह 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच खेले थे।
नवदीप सैनी
शुभमन गिल और केएल राहुल
- फोटो : सोशल मीडिया
बीसीसीआई ने बताया कि रोहित दूसरे वनडे में अंगूठे में चोट लगा बैठे थे। उन्होंने मुंबई में एक विशेषज्ञ से मुलाकात की। उन्हें इस चोट के लिए आराम करने और देखरेख करने की सलाह दी गई है। रोहित के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में आने के बावजूद ईश्वरन को बेंच पर बैठना पड़ सकता है। केएल राहुल और शुभमन गिल पहले टेस्ट में ओपनिंग करते दिख सकते हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम: केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा (उपकप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, अभिमन्यु ईश्वरन, नवदीप सैनी, सौरभ कुमार, जयदेव उनादकट।
भारत बनाम बांग्लादेश टेस्ट सीरीज
| तारीख |
मैच |
जगह |
| 14-18 दिसंबर |
पहला टेस्ट |
चटगांव |
| 22-26 दिसंबर |
दूसरा टेस्ट |
ढाका |