भारत और बांग्लादेश के बीच बिगड़ते राजनीतिक संबंधों का सीधा असर अब क्रिकेट रिश्तों पर भी पड़ता दिख रहा है। दोनों देशों के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज फिलहाल संदेह के घेरे में है और इसके रद्द होने की आशंका भी जताई जा रही है।
बीसीबी ने किया कार्यक्रम का एलान
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि सितंबर में भारत और बांग्लादेश के बीच छह मैचों की सफेद गेंद की सीरीज खेली जाएगी। बोर्ड ने यहां तक दावा किया कि इस कार्यक्रम को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से चर्चा के बाद अंतिम रूप दिया गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, तीन वनडे मैच 1, 3 और 6 सितंबर को जबकि तीन टी20 मैच 9, 12 और 13 सितंबर को खेले जाने थे।
बीसीसीआई रद्द कर सकता है दौरा
हालांकि, सूत्रों के मुताबिक बीसीसीआई मौजूदा हालात में बांग्लादेश दौरे को लेकर उत्सुक नहीं है। बांग्लादेश में पिछले छह महीनों से जारी राजनीतिक हिंसा और अस्थिरता को देखते हुए भारतीय बोर्ड सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताओं में है। इसी का संकेत माना जा रहा है कि बीसीसीआई के निर्देश पर आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया।
पहले भी स्थगित की जा चुकी है सीरीज
यह सीरीज पहले भी सुरक्षा कारणों से स्थगित की जा चुकी है। मौजूदा हालात में इसके दोबारा टलने या रद्द होने की संभावना और प्रबल हो गई है। अगर स्थिति और बिगड़ती है तो भारत-पाकिस्तान की तरह भारत-बांग्लादेश क्रिकेट रिश्तों के भी लंबे समय तक ठंडे बस्ते में चले जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। राजनीतिक मोर्चे पर भी दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी बढ़ी है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने और भारत आने के बाद बांग्लादेश की विदेश नीति में बड़ा बदलाव देखा गया है। भारत और बांग्लादेश ने एक-दूसरे के उच्चायुक्तों को कई बार तलब कर सुरक्षा और कूटनीतिक मुद्दों पर चिंता जताई है।