कानपुर टेस्ट में जीत के साथ भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया। मंगलवार को दूसरे टेस्ट में जीत के बाद भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने दो बल्लेबाजों की तारीफ की। उन्होंने विश्वास जताया कि ये दोनों बल्लेबाज विदेशी धरती पर भारत के लिए उपयोगी साबित होंगे।
जायसवाल और गिल ने किया प्रभावित
बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज में यशस्वी जायसवाल ने दमदार प्रदर्शन किया। वह इस सीरीज में भारत के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने चार पारियों में 47.25 के औसत से 189 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए। वहीं, शुभमन गिल इस सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने चार पारियों में 54.66 के औसत से 164 रन बनाए। अब अश्विन ने इन दोनों बल्लेबाजों की तारीफ की है।
अश्विन ने इन दो बल्लेबाजों पर जताया भरोसा
अश्विन ने कहा- मुझे लगता है कि यशस्वी जायसवाल एक विशेष प्रतिभा है जो अपनी मर्जी से खेलता है। उसने अपना अंतरराष्ट्रीय करियर शुरू किया है और शुभमन गिल ने भी। फिर भी मैं कहूंगा कि वे दोनों टेस्ट क्रिकेट खेलने के शुरुआती दिनों में हैं। लेकिन मुझे लगता है कि वे भविष्य के स्तंभ और विदेशी सितारे होंगे जिनका हम जल्द ही सामना करने वाले हैं।
दिग्गज स्पिनर ने दी यह सलाह
अश्विन ने दोनों को सलाह दी कि उन्हें अपनी कमियों पर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा- हम उनके शानदार टेस्ट सफर में आगे बढ़ते हुए उनके अनुभव को बढ़ाएंगे और समृद्ध करेंगे, वे दोनों खास हैं, हम सभी यह जानते हैं। बस उन्हें अधिक से अधिक नए अनुभवों का सामना करने में सक्षम होने की जरूरत है और खुद के लिए यह पहचानने में सक्षम होना चाहिए कि उन्हें किस पर काम करने की जरूरत है। चाहे आप मुझसे पूछें, कच्चा माल मौजूद है। मुझे लगता है कि यह सभी के लिए स्पष्ट है कि वे दोनों उच्च गुणवत्ता वाले खिलाड़ी हैं।
पहले भी ऐसा प्रदर्शन कर चुके हैं दोनों बल्लेबाज
यह पहला मौका नहीं है जब गिल और जायसवाल किसी सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। दोनों ने इंग्लैंड के खिलाफ भी ऐसा ही प्रदर्शन किया था। इंग्लैंड के लिए गिल ने नौ पारियों में 56.50 के औसत से 712 रन बनाए थे। उन्होंने दो शतक और तीन अर्द्धशतक जड़े। वहीं, गिल ने नौ पारियों में 56.50 की औसत और दो शतकों और इतने ही अर्द्धशतकों की मदद से 452 रन बनाए।