दरअसल, पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 186 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर तक छह विकेट गंवाकर 176 रन बना लिए थे। 19 ओवर तक कप्तान रोहित शर्मा ने भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल का इस्तेमाल किया। इसके बाद 20वें ओवर में उन्होंने मोहम्मद शमी को मैदान में बुलाया और गेंद थमाई। वार्म अप मैच में ऐसा जरूरी नहीं कि प्लेइंग-11 तय किया जाए। कोई भी टीम किसी भी खिलाड़ी को जब चाहे मैदान में बुला सकती है और बैटिंग-बॉलिंग दे सकती है। हालांकि, फील्डिंग करने वाली टीम के लिए मैदान पर एक वक्त में खिलाड़ी 11 ही होंगे और सभी गेंदबाजों का कोटा अधिकतम चार ही ओवर का होगा।
20वें ओवर में मोहम्मद शमी पहली बार गेंदबाजी के लिए आए। उन्हें 11 रन बचाने थे। सामने पैट कमिंस और जोश इंगलिस थे। इसके बाद जो उन्होंने किया, वह मैच पलटने वाला रहा। आमतौर पर टी20 में आखिरी ओवर में 11 रन आराम से बनते हैं, लेकिन शमी की सटीक यॉर्कर ने ऑस्ट्रेलिया को ऐसा करने से रोक दिया।
इस तरह शमी की आखिरी चार गेंदों पर चार विकेट गिरे। इनमें से तीन विकेट शमी ने लिए और एक रन आउट रहा। शमी ने आखिरी ओवर में सिर्फ चार रन लुटाए और भारत यह मैच छह रन से जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान एरॉन फिंच ने सबसे ज्यादा 76 रन बनाए। इसके अलावा मिचेल मार्श ने 35 रन की पारी खेली। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने एक ओवर फेंककर सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
वहीं, भुवनेश्वर कुमार ने तीन ओवर में 20 रन देकर दो विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने तीन ओवर में 34 रन लुटाए और उन्हें एक विकेट मिला। हर्षल पटेल ने तीन ओवर में 30 रन दिए और एक विकेट झटका। चहल ने तीन ओवर में 28 रन देकर एक विकेट लिया।
पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 186 रन बनाए थे। केएल राहुल ने 33 गेंदों में 57 रन और सूर्यकुमार यादव ने 33 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। अब भारतीय टीम 19 अक्तूबर को दूसरे प्रैक्टिस मैच में न्यूजीलैंड की टीम से भिड़ेगी।