पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि भारतीय टीम ने चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया के निचले क्रम के बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका देकर अपनी जीत की संभावनाओं को कम कर लिया है। बता दें कि, चौथे दिन स्कॉट बोलैंड और नाथन लियोन की शानदार बल्लेबाजी ने भारत को विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों ने 10वें विकेट के लिए अब तक 110 गेंद में 55 रन की साझेदारी कर ली है। लियोन 41 रन और बोलैंड 10 रन बनाकर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया को नौवां झटका 173 के स्कोर पर लगा था।
रोमांचक मोड़ पर पहुंचा चौथा टेस्ट
ऑस्ट्रेलिया ने बॉक्सिंग डे टेस्ट के चौथे दिन का समापन नौ विकेट पर 228 रन पर किया। टीम की कुल बढ़त 333 रन की हो गई है। इससे यह मैच दिलचस्प हो गया है। गावस्कर ने इंडिया टुडे कहा, मुझे लगता है कि भारत ने मौका गंवा दिया। चायकाल तक निश्चित रूप से भारत का पलड़ा भारी था। इसके बाद (पैट) कमिंस, (नाथन) लियोन और (स्कॉट) बोलैंड ने वास्तव में भारतीय गेंदबाजों को निराश किया। ऑस्ट्रेलिया ने 333 रन की बढ़त हासिल कर ली है इससे भारत के लिए मैच जीतना काफी मुश्किल हो गया है।
निचले क्रम के बल्लेबाजों ने पलटा पासा
ऑस्ट्रेलिया के आठवें, 10वें और 11वें क्रम के बल्लेबाजों ने लगभग 35 ओवर खेले। इसमें कमिंस (90 गेंदों में 41 रन), लियोन (54 गेंदों में नाबाद 41 रन) और बोलैंड (65 गेंदों में नाबाद 10 रन) ने टीम की दूसरी पारी में अहम योगदान दिया। गावस्कर ने कहा, हम अगर निचले क्रम के बल्लेबाजों को जल्दी आउट करते तो हमें 260-270 रन के लक्ष्य का पीछा करना होता और शायद रविवार को एक घंटे की बल्लेबाजी में हमने 30-40 रन बना लिए होते। हमें अब आखिरी विकेट लेने पर ध्यान देना होगा क्योंकि ऑस्ट्रेलिया खुद से इतनी जल्दी पारी नहीं घोषित करेगा।
बॉक्सिंग डे टेस्ट जीतेगा भारत?
इस दौरान गावस्कर ने बताया कि भारत को यह मुकाबला जीतने के लिए अच्छी शुरुआत करनी होगी। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग का भी जिक्र किया। महान बल्लेबाज ने कहा- हमने 2021 में गाबा में आखिरी दिन 329 रन का पीछा किया था। इसके लिए हमें अच्छी शुरुआत की जरूरत होगी। हमें उस तरह की शुरुआत की जरूरत होगी जैसा की वीरेंद्र सहवाग टीम को दिलाते हैं।