भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल की एडिलेड टेस्ट में वापसी हो सकती है। शुक्रवार को उन्होंने भारतीय टीम के साथ नेट्स पर अभ्यास किया। इसका वीडियो भी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने साझा किया। बता दें कि, पर्थ टेस्ट से पहले इंट्रा स्क्वॉड मैच के दौरान युवा बल्लेबाज की अंगुली में चोट लगी थी और वह काफी दर्द में दिखे थे। उन्हें फिर स्कैन के लिए ले जाया गया, जहां उनके बाएं अंगूठे में फ्रैक्चर पाया गया था। हालांकि, अब वह रिकवर कर रहे हैं।
'मैं बहुत खुश हूं'
शुक्रवार को शीर्षक्रम के बल्लेबाजों ने नेट्स पर यश दयाल और आकाश दीप की गेंदों का सामना किया। भारत को कल से आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच खेलना है। गिल ने अभ्यास सत्र के बाद बीसीसीआई द्वारा एक्स पर पोस्ट किये गए वीडियो में कहा, मैं देख रहा था कि चोट से कितना उबर गया हूं। किसी तरह की सूजन तो नहीं है लेकिन मैने और कमलेश भाई (कमलेश जैन, फिजियो) की अपेक्षा से बेहतर रिकवरी है। मैं बहुत खुश हूं।
'जब मुझे चोट के बारे में पता चला..'
पहले टेस्ट से बाहर रहने से निराश गिल ने कहा, हर गेंद को बल्ले से पीटने का अनुभव शानदार होता है और मैं उसी के लिए खेलता हूं। जब मुझे चोट के बारे में पता चला तो पहले कुछ दिन काफी निराशाजनक रहे। पर्थ में हमने पिछली बार 2020 .21 के दौरे पर नहीं खेला था। यह शानदार मैदान है और टीम के प्रदर्शन से मैं काफी खुश था।
इस स्थान पर बल्लेबाजी करते दिख सकते हैं गिल
पर्थ टेस्ट में गिल की गैर मौजूदगी में तीसरे नंबर पर उतरे देवदत्त पडिक्कल प्रभाव नहीं छोड़ सके। दूसरे टेस्ट में गिल की वापसी हो सकती है। हालांकि शीर्ष क्रम की बजाय वह मध्यक्रम में उतर सकते हैं क्योंकि रोहित शर्मा की गैर मौजूदगी में केएल राहुल ने पारी की शुरूआत करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया था। रोहित अब यशस्वी जायसवाल के साथ पारी का आगाज करेंगे जिससे राहुल तीसरे और गिल पांचवें नंबर पर उतर सकते हैं।