भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में जारी चौथे टेस्ट में कप्तान रोहित शर्मा तीन रन बनाकर आउट हुए। भारत की पहली पारी के दूसरे ओवर में पैट कमिंस की गेंद पर खराब शॉट खेलकर हिटमैन आउट हुए। पिछले दो टेस्ट में रोहित छठे नंबर पर बललेबाजी के लिए उतरे थे। हालांकि, इस मैच के लिए टीम मैनेजमेंट ने रणनीति बदली और शुभमन दिल को ड्रॉप कर रोहित को ओपनिंग भेजा गया। केएल राहुल, जो पिछले दो मैचों में ओपनिंग कर रहे थे, उन्हें तीसरे नंबर पर भेजा गया। हालांकि, दोनों ही फेल रहे। रोहित तीन रन और राहुल 24 रन बनाकर आउट हुए। दोनों को कमिंस ने पवेलियन भेजा। कमिंस के खिलाफ रोहित का रिकॉर्ड काफी खराब रहा है और इस सीरीज में कमिंस ने हिटमैन को खूब परेशान किया।
कमिंस का रोहित के पास कोई जवाब नही
इस दौरे पर रोहित ने कमिंस का तीन पारियों में सामना किया है और सिर्फ सात रन बना पाए हैं। कमिंस ने इस दौरान उन्हें तीन बार आउट किया है। रोहित का कमिंस के खिलाफ औसत 2.3 का रहा है। वहीं, कमिंस के खिलाफ रोहित के ओवरऑल टेस्ट रिकॉर्ड की बात करें तो कमिंस के खिलाफ रोहित ने कुल 13 पारियां खेली हैं। इस दौरान 199 गेंदों का सामना किया है और 127 रन बनाए हैं। कमिंस ने सात बार रोहित को आउट भी किया है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के खिलाफ भारतीय कप्तान का औसत 18.14 का रहा है।
पिछली 14 पारियों में एक अर्धशतक
इतना ही नहीं, कप्तान का कप्तान को आउट करने के मामले में भी कमिंस शीर्ष पर आ गए हैं। कंगारू कप्तान ने भारतीय कप्तान को टेस्ट में पांचवीं बार आउट किया। इस मामले में उन्होंने शीर्ष पर रिची बेनॉड और इमरान खान की बराबरी की। बेनॉड ने टेड डेक्सटर को पांच बार और इमरान ने सुनील गावस्कर को पांच बार आउट किया था। रोहित पिछली 14 टेस्ट पारियों में 11.07 की औसत से सिर्फ 155 रन बना सके हैं। इसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है। इस दौरान रोहित की पारियां- 6, 5, 23, 8, 2, 52, 0, 8, 18, 11, 3, 6, 10 और 3 (इस मैच में) रन की रही हैं।
BGT 2024 में रोहित का औसत लियोन से खराब
बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में कम से कम चार पारियों में बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों में रोहित का औसत सबसे खराब है। उनका औसत नाथन लियोन और मोहम्मद सिराज से भी खराब रहा है। रोहित ने इस सीरीज में छह पारियों में 5.50 की औसत से 51 रन बनाए हैं। लियोन और सिराज का औसत 6.00 का रहा है। वहीं, बुमराह ने 10 की औसत से रन बनाए हैं। रोहित ने इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में भी कुछ खास नहीं किया था। वह छह पारियों में सिर्फ 93 रन बना पाए थे। रोहित की कप्तानी भी पिछली दो सीरीज से सवालों के घेरे में है।