फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS: रोहित-कोहली की होगी वापसी! बुमराह-गिल के कार्यभार पर चर्चा; अभिषेक-यशस्वी में किसे मिलेगा मौका?

Fri, 03 Oct 2025 09:58 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

चयनकर्ता वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रहे टेस्ट के दौरान वनडे टीम का चयन करेंगे लेकिन घोषणा मैच के बाद हो सकती है। हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत चोटों के कारण उपलब्ध नहीं होंगे जबकि एशिया कप और उसके तीन दिन के भीतर दो टेस्ट की सीरीज खेलने वाले टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को भी ब्रेक की जरूरत है। ऐसे में उन्हें वनडे या टी20 या दोनों से आराम दिया जा सकता है। 
विज्ञापन
रोहित-कोहली-बुमराह-गिल - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 से 25 अक्तूबर तक तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसके लिए टीम इंडिया का चयन जल्द ही किया जाएगा। प्रशंसकों को उम्मीद है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली इस सीरीज में वापसी करेंगे। दोनों खिलाड़ियों ने भारत के लिए आखिरी बार इस साल मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल खेला था।
विज्ञापन

जल्द हो सकता है टीम का चयन
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, चयनकर्ता वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रहे टेस्ट के दौरान वनडे टीम का चयन करेंगे लेकिन घोषणा मैच के बाद हो सकती है। हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत चोटों के कारण उपलब्ध नहीं होंगे जबकि एशिया कप और उसके तीन दिन के भीतर दो टेस्ट की सीरीज खेलने वाले टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को भी ब्रेक की जरूरत है। ऐसे में उन्हें वनडे या टी20 या दोनों से आराम दिया जा सकता है। 

गिल को मिला आराम तो कौन करेगा रोहित के साथ ओपनिंग?
अगर गिल को वनडे मैचों के लिए आराम दिया जाता है, तो रोहित के सलामी जोड़ीदार के रूप में अभिषेक शर्मा और यशस्वी जायसवाल जैसे दो बाएं हाथ के बल्लेबाजों में से एक को चुना जा सकता है। इसी खास वजह से अभिषेक को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दो लिस्ट ए मैच खेलने के लिए कहा गया था। हालांकि, पहले मैच में वह शून्य पर आउट हुए। उनकी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी और मौजूदा फॉर्म उन्हें जायसवाल के बराबर खड़ा करती है।

रोहित-कोहली के भविष्य पर होगी चर्चा
रोहित और कोहली मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेले हैं और उन्होंने पिछले सात महीने में काफी मेहनत की है। कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ शतक के अलावा आस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में सर्वाधिक रन बनाए थे। वहीं, रोहित ने फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ विजयी पारी खेली। रोहित को कप्तानी से हटाने का भी कोई कारण नहीं है क्योंकि इस प्रारूप में वह काफी सफल रहे हैं। वह खुद बल्लेबाजी पर फोकस करने के लिए कप्तानी छोड़ना चाहें तो बात अलग है। दक्षिण अफ्रीका में 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए उनके भविष्य पर भी बात होगी।

बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार इस सत्र में सिर्फ छह वनडे खेले जाने हैं जिनमें तीन आस्ट्रेलिया में और तीन न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत में होंगे लिहाजा ठोस फैसला हड़बड़ी में नहीं लिया जा सकता। इस समय प्राथमिकता अगले साल भारत में होने वाला टी20 विश्व कप और 2025 में घरेलू टेस्ट से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अधिकतम अंक लेना होगा।
विज्ञापन

बुमराह के कार्यभार पर लिया जा सकता है फैसला
टीम में कोहली और रोहित के रहने का संकेत वनडे सीरीज के लिए प्रसारक जियो हॉटस्टार के प्रोमो से भी मिला है जिसमें इन दोनों के पोट्रेट दिखाए गए हैं। बुमराह की बात करें तो उनकी विश्व चैंपियन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दोनों टेस्ट में जरूरत है भले ही मेडिकल टीम या खुद बुमराह वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट नहीं खेलने का फैसला लें, जो कि अभी अस्पष्ट है। चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर ने कहा था कि बुमराह ने खुद वेस्टइंडीज के खिलाफ दोनों टेस्ट खेलने की इच्छा जताई है।

एशिया कप और अब दो टेस्ट खेलने के बाद अगली टेस्ट सीरीज तीन सप्ताह बाद है और फिर टी20 विश्व कप से पहले टी20 सीरीज खेली जाएगी। ऐसे में बुमराह को अत्यधिक यात्रा से बचाने के लिए आस्ट्रेलिया दौरे से ब्रेक दिया जा सकता है। पांड्या का वनडे सीरीज तक फिट होना मुश्किल है, ऐसे में नीतीश कुमार रेड्डी को मौका मिल सकता है। दूसरा विकल्प शिवम दुबे है लेकिन आस्ट्रेलियाई हालात में उनकी गेंदबाजी की परीक्षा नहीं हुई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें