ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले से स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को रिलीज कर दिया गया। टीम प्रबंधन ने उन्हें छह नवंबर से बंगलूरू में भारत ए और दक्षिण अफ्रीका ए के बीच होने वाले दूसरे चार दिवसीय मैच के लिए टी20 टीम से रिलीज किया।
बोर्ड का बयान
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बयान में कहा, 'भारतीय टीम प्रबंधन ने कुलदीप यादव को ऑस्ट्रेलिया में चल रही टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से रिलीज करने का अनुरोध किया है ताकि वह बंगलूरू स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ भारत ए सीरीज में भाग ले सकें।' दूसरा चार दिवसीय मैच छह नवंबर से शुरू होगा। बोर्ड ने कहा, 'दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी आईडीएफसी फर्स्ट बैंक दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए कुलदीप को लाल गेंद से खेलने का मौका देने के लिए यह फैसला लिया गया है।'
पंत कर रहे अगुवाई
रविवार को ऑस्ट्रेलिया पर भारत की पांच विकेट से जीत के बाद पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। ऋषभ पंत भारत ए टीम के कप्तान हैं और उन्होंने पहले चार दिवसीय मैच में 90 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
चौथे और पांचवें टी20 मैच के लिए भारत की अपडेटेड टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर।
दूसरे चार दिवसीय मैच के लिए भारत ए की अपडेटेड टीम
ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), केएल राहुल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), साई सुदर्शन (उप कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, मानव सुथार, खलील अहमद, गुरनूर बराड़, अभिमन्यु ईश्वरन, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप और कुलदीप यादव।