भारत ने पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 295 रनों से हरा दिया। पर्थ टेस्ट में इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। अब टीम की नजर दूसरे मुकाबले पर होगी, जो छह दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा। मैच के बाद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने यशस्वी जायसवाल पर के प्रदर्शन पर बात की। उन्होंने कहा कि, "अगर मुझसे पूछा जाए तो मैं उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दे दूं।"
ऑस्ट्रेलिया में आया यशस्वी का तूफान
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में यशस्वी जायसवाल का बल्ला जमकर गरजा। पहली पारी में शून्य पर आउट होने के बाद युवा खिलाड़ी ने दूसरी पारी में जबरदस्त वापसी की और 161 रन बनाए। वह ऑस्ट्रेलिया में अपने पहले टेस्ट में शतक बनाने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय बने। उनसे पहले सुनील गावस्कर और एम जयसिम्हा ने ऑस्ट्रेलिया में अपने पहले टेस्ट में शतक बनाया था।। यशस्वी पहली पारी में खाता नहीं खोल सके थे। जयसिम्हा ने 1967-68 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर और गावस्कर ने 1977 में ऐसा किया था।
कप्तान ने की तारीफ
बाएं हाथ के बल्लेबाज के दमदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए बुमराह ने कहा, "जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर की शानदार शुरुआत की है। यह उनके करियर की सबसे अच्छी पारी है।" इस दौरान उनसे प्लेयर ऑफ द मैच को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने कहा, "मुझसे पूछा जाए तो मैं यशस्वी जायसवाल को ही दे दूं। उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। वह आक्रामक खेल खेलता है।" बता दें कि, इस मैच में आठ विकेट लेने के लिए बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
परिवार की मौजूदगी पर भी की बात
मैच के बाद बुमराह ने अपनी पत्नी और बच्चे पर भी बात की। उन्होंने बताया कि उनका परिवार यह मैच देखने के लिए ऑस्ट्रेलिया आया है। तेज गेंदबाज ने कहा, मेरा बेटा और पत्नी भी इस मैच को देखने के लिए यहां आए हैं। मैं बहुत खुश हूं और वो भी खुश हैं। हम साथ में जीत का जश्न मनाएंगे। अभी मेरा बेटा छोटा है, उसे बहुत कम समझ आता है। लेकिन जब वह बड़ा हो जाएगा तो मैं उसे खेल के विषय में समझाऊंगा।
मैच में क्या हुआ?
पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 534 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में कंगारू टीम 238 रन पर सिमट गई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहली पारी में 150 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 104 रन पर सिमट गई। भारत को पहली पारी के आधार पर 46 रन की बढ़त मिली थी। दूसरी पारी भारत ने छह विकेट पर 487 रन बनाकर घोषित कर दी थी और कुछ बढ़त 533 रन की हासिल की थी।