ऑस्ट्रेलिया की पारी के 30वें ओवर के दौरान विवाद की शुरुआत हुई। भारत के लिए डेब्यू कर रहे हर्षित राणा ने शॉर्ट-पिच गेंदबाजी का एक आक्रामक स्पैल किया। इस दौरान स्टार्क ने बचने की काफी कोशिश की, लेकिन गेंद कभी उनके सिर पर तो कभी उनके हाथ और कंधे पर जाकर लगी। जैसे ही हर्षित उन्हें घूरते हुए नजदीक पहुंचे और वापस अपने बॉलिंग मार्क पर जाने के लिए मुड़े, स्टार्क की आवाज स्टंप माइक्रोफोन पर रिकॉर्ड हुई। स्टार्क ने कहा, 'हर्षित, मैं आपसे तेज गेंदबाजी करता हूं। मुझे याददाश्त बहुत अच्छी है।' इस दौरान स्टार्क मुस्कुराते हुए दिखे।
इसके बाद हर्षित ने भी बेफिक्र होकर जवाब दिया। दोनों के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) में साथ रहते हुए काफी दोस्ती देखने को मिली थी। दोनों ने इस साल की शुरुआत में खिताब जीतने वाले अभियान के बाद खूब जश्न मनाया था। स्टार्क के ताने मारने के बावजूद राणा ने तेजी से गेंदबाजी करनी नहीं छोड़ी और उछाल हासिल किया। राणा ने इस मैच में कुल तीन विकेट हासिल किए। उन्होंने ट्रेविस हेड, मिचेल स्टार्क और नाथन लियोन को आउट किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपनी पहली पारी में 150 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 104 रन पर खत्म हुई। इस तरह से टीम इंडिया को दूसरी पारी में 46 रन की बढ़त हासिल है। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन सात विकेट पर 67 रन से आगे खेलना शुरू किया और 37 रन बनाने में बाकी तीन विकेट गंवाए। उनके लिए 26 रन के साथ स्टार्क सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।