भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला छह दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम एक बार फिर जीत का लक्ष्य लेकर उतरेगी। फैंस को यशस्वी जायसवाल से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। इस मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने युवा बल्लेबाज के प्रदर्शन पर बात की। उन्होंने कहा कि, अगर उनकी टीम (ऑस्ट्रेलिया) यशस्वी को रोकने में कामयाब नहीं हुई तो स्थिति भयावह होगी।
मैक्सवेल ने की बड़ी भविष्यवाणी
इस दौरान मैक्सवेल ने बड़ी भविष्यवाणी की। उन्होंने कहा, यशस्वी ऐसे खिलाड़ी हैं जो संभवत: 40 से अधिक टेस्ट शतक लगाएंगे और कुछ अलग रिकॉर्ड बनाएंगे। उनके पास विभिन्न परिस्थितियों से तालमेल करने की अद्भुत क्षमता है। ऐसा नहीं लगता है कि उनकी बल्लेबाजी में कोई खास कमजोरी है। वह शॉर्ट पिच गेंद को अच्छी तरह से खेलते हैं, अच्छी ड्राइव करते हैं, स्पिन को अविश्वसनीय रूप से अच्छी तरह से खेलते हैं और दबाव झेल सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया में शतक लगाकर यशस्वी ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में यशस्वी जायसवाल का बल्ला जमकर गरजा। पहली पारी में शून्य पर आउट होने के बाद युवा खिलाड़ी ने दूसरी पारी में जबरदस्त वापसी की और 161 रन बनाए। वह ऑस्ट्रेलिया में अपने पहले टेस्ट में शतक बनाने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय बने। उनसे पहले सुनील गावस्कर और एम जयसिम्हा ने ऑस्ट्रेलिया में अपने पहले टेस्ट में शतक बनाया था।। यशस्वी पहली पारी में खाता नहीं खोल सके थे। जयसिम्हा ने 1967-68 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर और गावस्कर ने 1977 में ऐसा किया था।
मैक्सवेल ने बुमराह की तारीफों के बांधे पुल
इस दौरान मैक्सवेल ने नियमित कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभालने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की तारीफ की। उन्होंने कहा, भारत के पास बुमराह और यशस्वी जायसवाल के रूप में दो अद्भुत प्रतिभाएं हैं। मैंने पहले भी कहा था कि बुमराह संभावित रूप से सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज के रूप में जाने जाएंगे। कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपना करियर दुनिया के महानतम तेज गेंदबाज के तौर पर खत्म करेंगे। मैक्सवेल बुमराह से काफी प्रभावित हैं और उनका कहना है कि इस तेज गेंदबाज का सामना करना आसान नहीं होता है। मालूम हो कि, बुमराह ने पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया था और कुल आठ विकेट झटके थे।