वनडे विश्व कप में अब करीब एक महीने का समय बाकी रह गया है। इससे पहले सभी टीमें अपने-अपने स्क्वॉड को फाइनल करने में लगी हुई है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका और भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए स्क्वॉड का एलान किया था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 18 सदस्यीय टीम चुनी थी और कहा था कि इन्हीं में से वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम चुनी जाएगी। हालांकि, अब ऑस्ट्रेलिया को कुछ बड़े झटके लगे हैं। उसके चार खिलाड़ी गंभीर रूप से चोटिल चल रहे हैं। उनका भारत के खिलाफ सीरीज खेलने पर सस्पेंस है। ऐसे में वर्ल्ड कप में भी उनका खेलना संदिग्ध है। इनमें ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस, उपकप्तान स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल और मिचेल स्टार्क चोटिल चल रहे हैं।
कमिंस कलाई में फ्रैक्चर, स्मिथ कलाई में चोट, मिचेल स्टार्क ग्रोइन इंजरी और मैक्सवेल एंकल इंजरी से जूझ रहे हैं। अब एक बड़ी खबर यह आई है कि मैक्सवेल वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हैं दक्षिण अफ्रीका के साथ-साथ भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं। मैक्सवेल के बाएं टखने में दर्द का अनुभव होने के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया था। उसी पैर में उन्हें पिछले साल चोट लगी थी। ईएसपीएन क्रिकइन्फो ने मैक्सवेल के हवाले से कहा, "मैं भारत के खिलाफ सीरीज के कुछ मैच खेलना चाहता हूं।
स्टीव स्मिथ, पैट कमिंस, ग्लेन मैक्सवेल और मिचेल स्टार्क
- फोटो : सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप से पहले 22 सितंबर से मोहाली में शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारत का दौरा करना है। मैक्सवेल ने कहा- चयनकर्ताओं और कर्मचारियों ने भी मेरे साथ शानदार व्यवहार किया है। वह भारतीय दौरे तक ठीक होने का मुझ पर बहुत अधिक दबाव नहीं डालना चाहते क्योंकि वे जानते हैं कि विश्व कप से पहले उनके पास अच्छा खासा समय है। उन्होंने कहा, "इसलिए जल्दबाजी करने की बजाय, मैं खुद को अतिरिक्त समय देना चाहता हूं और सुनिश्चित करना चाहता हूं कि मैं वर्ल्ड कप के लिए पूरे टूर्नामेंट में उपलब्ध रह सकूं।
सभी टीमों को पांच सितंबर तक अपनी 15 सदस्यीय टीम आईसीसी को सौंपनी होगी, जबकि टीम में बदलाव करने की डेडलाइन 27 सितंबर तक की है। 34 वर्षीय मैक्सवेल जो पिछले नवंबर में एक जन्मदिन-पार्टी के दौरान अपनी टांग तुड़वा बैठे थे, अभी भी उनके बाएं पैर में एक मेटल प्लेट है। उन्हें दक्षिण अफ्रीका से जल्दी घर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि टीम के पहले प्रैक्टिश सेशन के बाद उनके टखने में चोट लगी थी। मैक्सवेल ने कहा- प्रैक्टिस सेशन तक सबकुछ ठीक था। उसके बाद मुझे लगा कि मेरे टखने के आसपास की एक नस में थोड़ी सूजन थी। और यह बढ़ता गया। मैं दर्द में था।
ऑस्ट्रेलियाई टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
उन्होंने कहा- मैं दक्षिण अफ्रीका जाने से पहले ठीक था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम ने मैक्सवेल को घर भेजकर सही फैसला लिया, क्योंकि विश्व कप में अब बस कुछ ही दिनों का वक्त है। मैक्सवेल ने कहा- हमें शायद टूर्नामेंट को लेकर थोड़ा और स्मार्ट होना होगा। मैं पहले से ही जिम में वापस आ गया हूं, इसलिए शायद इस सप्ताह मैं पूरी ट्रेनिंग पर वापस आऊंगा। मैं सिर्फ यह जानना चाहता हूं कि मैं अभी तक मूल चोट की से उबर पाया हूं या नहीं। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया 30 सितंबर और तीन अक्तूबर को विश्व कप के अभ्यास मैचों में नीदरलैंड और पाकिस्तान से भिड़ेगा। ऑस्ट्रेलिया अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत आठ अक्तूबर को चेन्नई में मेजबान भारत के खिलाफ करेगा।