भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी चौथे टेस्ट के तीसरे दिन युवा बल्लेबाज नीतीश रेड्डी ने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी शतकीय पारी से भारतीय टीम को मुश्किल से उबारा। 21 वर्षीय खिलाड़ी के धांसू प्रदर्शन से खुश होकर आंध्र क्रिकेट संघ (एसीए) ने उन्हें नकद पुरस्कार देने का एलान किया है।
नीतीश रेड्डी
- फोटो : Twitter
25 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि का एलान
आंध्र क्रिकेट संघ (एसीए) ने शनिवार को बड़ा एलान करते हुए बताया कि नीतीश रेड्डी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 25 लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। एसीए के अध्यक्ष केसीनेनी शिवनाथ ने कहा- यह आंध्र क्रिकेट संघ के लिए सौभाग्यशाली दिन और सबसे खुशी का क्षण है। हम बहुत खुश हैं कि आंध्र के एक लड़के को टेस्ट फॉर्मेट और अंतरराष्ट्रीय टी20 फॉर्मेट के लिए चुना गया है। सम्मान के तौर पर, आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से नीतीश कुमार रेड्डी को 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जा रही है।
नीतीश रेड्डी
- फोटो : BCCI
नीतीश ने भारतीय पारी संभाली
नीतीश तीसरे दिन के खेल की समाप्ति तक 105 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। पर्थ टेस्ट से डेब्यू करने वाले नीतीश ने वाशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर पारी को संभाला और आठवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। भारत का पहली पारी में स्टंप तक स्कोर नौ विकेट पर 358 रन हो गया। इससे टीम के पास चौथा टेस्ट बचाने का मौका बन गया है।