भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का सिडनी टेस्ट में खेलना मुश्किल माना जा रहा है। उन्हें बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के निर्णायक और अंतिम मुकाबले में आराम दिया जा सकता है। उनकी जगह जसप्रीत बुमराह को टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है।
रोहित नहीं होंगे प्लेइंग 11 का हिस्सा?
इस सीरीज में रोहित शर्मा का बल्ला खामोश रहा है। उन्होंने तीन मैचों की पांच पारियों में सिर्फ 31 रन बनाए हैं। कप्तानी में भी वह प्रभावशाली नहीं रहे हैं। अब इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी गई है कि पांचवें टेस्ट में वह प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं होंगे। उन्होंने इसकी जानकारी मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर को दे दी है। दोनों रोहित के इस फैसले को स्वीकार कर लिया।
गिल की होगी वापसी?
रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल की टीम में वापसी हो सकती है। उन्हें मेलबर्न टेस्ट में आराम दिया गया था। गिल तीसरे नंबर पर वापसी कर सकते हैं। ऐसे में एक बार फिर केएल राहुल यशस्वी के साथ पारी का आगाज करते दिखेंगे। इस स्थिति में जसप्रीत बुमराह को टीम का कप्तान बनाए जाने की संभावना है। उन्होंने इस सीरीज के पहले मैच में टीम की कमान संभाली थी और ऑस्ट्रेलिया को 254 रन से हराने में अहम भूमिका निभाई थी।
मेलबर्न टेस्ट रोहित के करियर का आखिरी मैच?
इससे यह भी माना जा रहा है कि बॉक्सिंग डे टेस्ट रोहित के करियर का आखिरी मुकाबला था और वह अब नए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के चक्र का हिस्सा नहीं होंगे। भारत इस साल जून में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेगा। भारत का विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए क्वालिफाई करना मुश्किल माना जा रहा है। अगर भारत सिडनी टेस्ट में जीत दर्ज भी कर लेता है तो सीरीज 2-2 की बराबरी पर पहुंचने के बाद भी उसे ऑस्ट्रेलिया-श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
रोहित के नाम पिछली 15 पारियों में एक अर्धशतक
रोहित पिछली 15 टेस्ट पारियों में 164 रन बना सके हैं। इसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है। इस दौरान रोहित की पारियां- 6, 5, 23, 8, 2, 52, 0, 8, 18, 11, 3, 6, 10, 3 (मेलबर्न टेस्ट की पहली पारी) और 9 (मेलबर्न टेस्ट की दूसरी पारी) रन की रही हैं। रोहित ने इस साल टेस्ट में 14 टेस्ट की 26 पारियों में 24.76 की औसत से 619 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो शतक और दो अर्धशतक लगाए। एक बार फिर रोहित के सस्ते में आउट होने पर उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं, जो लाजमी भी हैं।
सिडनी टेस्ट के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-11
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।