फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS: मेलबर्न में भारतीय टीम की शानदार वापसी, ऑस्ट्रेलिया के 474 रन के जवाब में बनाए 358/9, नीतीश का शतक

Sat, 28 Dec 2024 01:31 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मेलबर्न

सार

India vs Australia 3rd Test Day 3 Highlights 2024 : ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। शुक्रवार को दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 474 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में नौ विकेट गंवाकर 358 रन बना लिए हैं।
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मेलबर्न टेस्ट - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेलबर्न में जारी बॉक्सिंग डे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। टीम इंडिया ने इस मैच में जबरदस्त वापसी की है और खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में नौ विकेट गंवाकर 358 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 474 रन बनाए थे। इस लिहाज से भारत अभी भी 116 रन पीछे है। नीतीश रेड्डी ने बेहतरीन शतक जड़ा। वह फिलहाल 105 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने अब तक 176 गेंद की अपनी पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया है। मोहम्मद सिराज भी दो रन बनाकर नाबाद हैं।
विज्ञापन

नीतीश रेड्डी - फोटो : BCCI
भारत ने तीसरे दिन 194 रन जोड़े
भारत ने शनिवार को पांच विकेट पर 164 रन से आगे खेलना शुरू किया और 194 रन जोड़े। इस दौरान भारत ने चार और विकेट गंवाए। शनिवार को ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर आउट हुए। नीतीश ने नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे वॉशिंगटन सुंदर के साथ आठवें विकेट के लिए 127 रन की साझेदारी निभाई। सुंदर और नीतीश दोनों ने 150-150 गेंद खेलीं।

टेस्ट क्रिकेट में ऐसा पहली बार हुआ जब किसी टीम के आठवें और नौवें नंबर के बल्लेबाज ने 150+ गेंदें खेली हों। दोनों ने संयुक्त रूप से 285 गेंदें खेलीं यानी करीब 48 ओवर बल्लेबाजी की। सुंदर 162 गेंद में एक चौके की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले यशस्वी जायसवाल 82 रन, रोहित शर्मा तीन, केएल राहुल 24 रन, विराट कोहली 36 रन और ऋषभ पंत 28 रन और रवींद्र जडेजा 17 रन बनाकर आउट हुए थे। जसप्रीत बुमराह और आकाश दीप खाता नहीं खोल सके। 

नीतीश रेड्डी और उनके पिता - फोटो : BCCI/Screen Grab
नीतीश रेड्डी का पहला अंतरराष्ट्रीय शतक
नीतीश ने 171 गेंद में बोलैंड की गेंद पर चौका लगाकर शतक लगाया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक है। उन्होंने टेस्ट में पहली बार पचास से ज्यादा रन बनाए और उस पारी को शतक में बदल दिया। नीतीश इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट में शतक लगाने वाले तीसरे सबसे युवा भारतीय बन गए हैं। उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर और ऋषभ पंत हैं। नीतीश के लिए यह शतक इसलिए भी खास है क्योंकि उनके पिता मुतयाला रेड्डी दर्शक दीर्घा में मौजूद हैं और यह मैच देख रहे हैं। अपने पिता के सामने शतक लगाने के बाद नीतीश भावुक भी हो गए। 

यशस्वी जायसवाल - फोटो : BCCI
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 474 रन पर समाप्त हुई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के लिए शुरुआती तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े। इसके बाद स्टीव स्मिथ ने टेस्ट करियर का 34वां शतक लगाया। कप्तान पैट कमिंस ने 49 रन की पारी खेली। दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट पर 311 रन से आगे खेलना शुरू किया। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों को दूसरे दिन चार विकेट के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को 163 रन जोड़े और चार विकेट गंवाए। स्मिथ 140 रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, रवींद्र जडेजा को तीन विकेट मिले। आकाश दीप को दो विकेट मिले, जबकि सुंदर ने एक विकेट लिया। 

दोनों टीमें एक-एक बदलाव के साथ उतरीं
इस मैच के लिए दोनों टीमों में एक-एक बदलाव हुआ था। ऑस्ट्रेलिया ने जोश हेजलवुड की जगह स्कॉट बोलैंड और भारत ने शुभमन गिल की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया। कंगारुओं की शुरुआत अच्छी रही थी और 19 साल के डेब्यूटांट सैम कोंस्टास ने उस्मान ख्वाजा के साथ पहले विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी निभाई। कोंस्टास ने अपने डेब्यू मैच में ही आक्रामक बल्लेबाजी की और बुमराह को निशाने पर लिया। उन्होंने अर्धशतक जमाया। हालांकि, इसके बाद रवींद्र जडेजा की गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हो गए। कोंस्टास 65 गेंद में छह चौके और दो छक्के की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए। 

स्टीव स्मिथ - फोटो : Twitter
ख्वाजा-लाबुशेन ने अर्धशतक लगाया
इसके बाद ख्वाजा ने स्टीव स्मिथ के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी निभाई। ख्वाजा ने टेस्ट करियर का 27वां अर्धशतक लगाया। वह 121 गेंद में छह चौके की मदद से 57 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर आउट हुए। वहीं, हेड खाता नहीं खोल सके। उन्हें बुमराह ने क्लीन बोल्ड किया। बुमराह ने फिर मिचेल मार्श को भी सस्ते में निपटा दिया। वह चार रन बना सके। लाबुशेन ने 145 गेंद में सात चौके की मदद से 72 रन की पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 22वां अर्धशतक रहा। 

स्टीव स्मिथ ने 34वां टेस्ट शतक जड़ा
स्टीव स्मिथ ने गाबा के बाद मेलबर्न टेस्ट में भी शतक जड़ा। उन्होंने टेस्ट करियर का 34वां शतक जड़ा। स्मिथ ने शानदार बल्लेबाजी की। यह भारत के खिलाफ टेस्ट में उनका 11वां शतक रहा और वह टीम इंडिया के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। कमिंस ने स्मिथ के साथ सातवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी निभाई। कमिंस के साथ-साथ जडेजा ने मिचेल स्टार्क को क्लीन बोल्ड किया। स्टार्क 15 रन बना सके।

स्मिथ 140 रन बनाकर आकाश का शिकार बने
455 के स्कोर पर ही ऑस्ट्रेलिया को नौवां झटका लगा। आकाश दीप ने स्टीव स्मिथ को बोल्ड किया। स्मिथ अजीबोगरीब तरीके से आउट हुए। आकाश की शॉर्ट पिच गेंद को स्मिथ ने आगे बढ़कर खेलने का प्रयास किया। गेंद उनके बल्ले से लगकर पैड पर लगी और फिर विकेट पर जा लगी। स्मिथ दो फीट आगे निकल चुके थे और गेंद को रोकने के लिए वापस नहीं गए। गेंद रोल होते हुए स्टंप्स पर जा लगी। उन्होंने 197 गेंद में 13 चौके और तीन छक्के की मदद से 140 रन बनाए। आखिरी विकेट नाथन लियोन के रूप में गिरा।
विज्ञापन

टॉस के दौरान रोहित - फोटो : BCCI
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज। 

ऑस्ट्रेलियाः उस्मान ख्वाजा, सैम कोंस्टास, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन और स्कॉट बोलैंड।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें