कोहली बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की ऑफ स्टंप के बाहर उछाल लेती गेंद पर बल्ला अड़ा कर स्लिप में स्टीव स्मिथ को कैच दे बैठे। कोहली के आउट होने के बाद मांजरेकर ने ट्विटर पर लिखा, 'विराट का औसत अब 48 के आसपास पहुंचने का एक महत्वपूर्ण कारण ऑफ स्टंप के बाहर की कमजोरी है। इससे भी बड़ी बात यह है कि वह इससे निपटने के लिए कोई अन्य तरीका न अपनाने की जिद पर अड़े हैं।'
कुछ साल पहले तक टेस्ट में कोहली का औसत 54-55 के आसपास था, लेकिन लंबे समय तक बड़ी पारी खेलने में विफल रहने के कारण 2022 में उनका औसत 50 के नीचे गिर गया था। ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू सीरीज में 15.50 की औसत से सिर्फ 93 रन बनाए थे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की पहली पारी 180 रन पर सिमट गई। नीतीश रेड्डी ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 37 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। उनके टेस्ट करियर का यह 15वां फाइव विकेट हॉल रहा।