भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला दिल्ली में खेला जा रहा है। इस मैच में दो दिन का खेल हो चुका है और पहला मुकाबला पारी से हारने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम इस मैच में बेहतर स्थिति में है। ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत से 62 रन आगे है और उसके नौ विकेट बचे हुए हैं। तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी करनी है और इसके बाद टीम इंडिया को चौथी पारी में लक्ष्य का पीछा करना होगा। अगर ऑस्ट्रेलियाई टीम 200 रन से ज्यादा का लक्ष्य देती है तो टीम इंडिया के लिए इसे हासिल करना मुश्किल हो सकता है।
दो दिन का खेल खत्म होने के बाद दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 61/1 है। ट्रेविस हेड 39 और मार्नस लाबुशेन 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 12 ओवर में 61 रन बनाए हैं। ऐसे में साफ है कि कंगारू टीम तेजी से रन बनाकर भारत के सामने बड़ा लक्ष्य रखना चाहती है।
विकेट का जश्न मनाते मोहम्मद शमी
- फोटो : सोशल मीडिया
दूसरे दिन नाथन लियोन ने किया कमाल
मैच के दूसरे दिन पहले सत्र में नाथन लियोन ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने पहले लोकेश राहुल (17) और रोहित शर्मा (32) को आउट किया। 53 रन के स्कोर पर भारत के दोनों ओपनर आउट हो गए। इसके बाद पुजारा अपने 100वें टेस्ट में खाता भी नहीं खोल पाए। श्रेयस अय्यर भी चार रन बनाकर लियोन का शिकार बने। लंच तक लियोन ने भारत को चार झटके दे दिए थे। अंत में विराट और जडेजा ने पारी को संभाला, लेकिन लंच के बाद जडेजा भी 26 रन बनाकर मर्फी की गेंद पर आउट हो गए। वहीं, कुह्नमन ने विराट कोहली को अपना पहला शिकार बनाया। कोहली ने 44 रन की पारी खेली। विकेटकीपर भरत छह रन बनाकर आउट हुए।
लियोन ने बनाया रिकॉर्ड
नाथन लियोन ने इस पारी में पांच विकेट लिए। वहीं, मर्फी और कुह्नमैन को दो-दो विकेट मिले। कमिंस ने एक विकेट लिया। इस मैच में लियोन ने भारत के खिलाफ अपने 100 विकेट भी पूरे कर लिए और अश्विन के खास रिकॉर्ड की बराबरी की, जो अश्विन ने इसी मैच में पहले दिन हासिल किया था। लियोन किसी एक देश के खिलाफ 100 विकेट लेने वाले तीसरे स्पिन गेंदबाज हैं। उनसे पहले अश्विन और कुंबले ने उनके ही देश के खिलाफ 100 से ज्यादा विकेट लिए हैं।
अश्विन-अक्षर ने बचाई लाज
एक समय भारतीय टीम 139 रन पर सात विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। इसके बाद अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन ने आठवें विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी कर भारत को मैच में वापस ला दिया। अश्विन 37 रन बनाकर कमिंस का शिकार बने। कमिंस ने नई गेंद से उन्हें आउट किया। इसके बाद कमिंस ने ही मर्फी की गेंद पर शानदार कैच पकड़कर अक्षर को भी 74 के स्कोर पर पवेलियन भेजा। इस मैच में शमी बल्ले से कोई कमाल नहीं कर सके और भारतीय पारी 262 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर एक रन की बढ़त मिली।