ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भारत के खिलाफ एडिलेड में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में प्रभावित किया। स्टार्क ने पहले ही सत्र में भारत को तीन झटके दिए और मेहमान टीम पर दबाव बनाया। स्टार्क ने इसके साथ ही एडिलेड के इस मैदान पर टेस्ट में 50 विकेट पूरे कर लिए हैं। यह स्टार्क का लाल गेंद के प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया के किसी मैदान पर लिया गया सर्वाधिक विकेट है।
स्टार्क ने भारतीय पारी की पहली ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल को आउट किया। स्टार्क ने इस मैच से पहले एडिलेड के मैदान पर 47 विकेट हासिल किए थे, लेकिन उन्होंने अपनी शानदार गेंदबाजी से इस मैदान पर विकेट लेने का अर्धशतक पूरा कर लिया। स्टार्क के लिए टेस्ट मैच में एडिलेड का मैदान काफी भाग्यशाली रहा है। इस ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज को अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा विकेट एडिलेड ओवल मैदान पर मिले हैं। एडिलेड के अलावा स्टार्क ने ब्रिसबेन के गाबा में 47 टेस्ट विकेट लिए हैं।
टेस्ट में किसी एक वेन्यू पर स्टार्क के सर्वाधिक विकेट
| विकेट |
मैदान |
स्थान |
| 53* |
एडिलेड ओवल |
एडिलेड |
| 47 |
गाबा |
ब्रिसबेन |
| 26 |
ऑप्टस स्टेडियम |
पर्थ |
| 26 |
वाका |
पर्थ |
| 25 |
एमसीजी |
मेलबर्न |
मौजूदा सीरीज की तीन पारियों में दो बार स्टार्क का शिकार बने यशस्वी
यशस्वी ने पिछले मैच की दूसरी पारी में भले ही स्टार्क के खिलाफ जमकर रन बनाए थे, लेकिन वह मौजूदा सीरीज में दूसरी बार स्टार्क का शिकार बने हैं। स्टार्क ने पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में यशस्वी को शून्य और अब एडिलेड टेस्ट की दूसरी पारी में भी खाता खोले बिना आउट किया। इस तरह तीन पारियों में से दो बार स्टार्क यशस्वी का शिकार कर चुके हैं।
शुरुआती दिन पहले सत्र में स्टार्क का तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
स्टार्क ने यशस्वी का ही विकेट नहीं लिया, उन्होंने केएल राहुल और विराट कोहली को भी पवेलियन भेजा। इस तरह शुरुआती दिन के पहले सत्र का खेल समाप्त होने पर स्टार्क ने आठ ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट लिए जो उनका टेस्ट मैच के शुरुआती दिन के पहले सत्र का तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस दौरान स्टार्क का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2016 में श्रीलंका के खिलाफ 10 रन देकर तीन विकेट लेना है।
भारत के खिलाफ पहली बार लिए पारी में पांच विकेट
पहले सत्र के बाद स्टार्क ने दूसरी पारी में भी कहर बरपाया और भारत के खिलाफ पहली बार टेस्ट में पांच विकेट लिए। पहले सत्र में स्टार्क ने यशस्वी, राहुल और कोहली को पवेलियन भेजा और फिर उन्होंने दूसरे सत्र में रविचंद्रन अश्विन और हर्षित राणा को आउट कर पारी में पांच विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की। यह 15वीं बार है जब स्टार्क ने टेस्ट में फाइव विकेट हॉल लिया है। वहीं, स्टार्क टेस्ट में सबसे ज्यादा बार फाइव विकेट हॉल पूरे करने वाले दूसरे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बन गए हैं। उनसे ज्यादा बार सिर्फ पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज वसीम अकरम ने एक पारी में पांच विकेट लिए हैं। अकरम 25 बार ऐसा कर चुके हैं। स्टार्क ने फिर नीतीश रेड्डी को आउट कर मैच का अपना छठा विकेट लिया।
टेस्ट की पहली पारी में 100 विकेट लेने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज
स्टार्क अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर टेस्ट की पहली पारी में 100 विकेट पूरे करने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन गए हैं। स्टार्क इस मामले में शेन वार्न, ग्लेन मैक्ग्रा और नाथन लियोन जैसे गेंदबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक इन चार गेंदबाजों ने ही टेस्ट मैच की पहली पारी में 100 से अधिक विकेट लिए हैं। कंगारू टीम के लिए टेस्ट की पहली पारी में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड दिवंगत स्पिनर वॉर्न के नाम है जिन्होंने इस दौरान अपने करियर में 156 विकेट लिए थे।