भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार को खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले से पहले भारतीय टीम के सहायक कोच रेयान टेन डेस्काटे ने युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि भारतीय क्रिकेट में प्रतिस्पर्धा इतनी कड़ी है कि खिलाड़ियों को मिलने वाले सीमित मौकों को भुनाना ही होगा। भारत पहले ही सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है और अब उसकी नजर क्लीन स्वीप पर है। ऐसे में चेपॉक में होने वाला मुकाबला कुछ खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
यशस्वी जायसवाल
- फोटो : ANI
जायसवाल के लिए हर मौका अहम
डेस्काटे ने कहा कि जायसवाल बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन भारतीय टीम के शीर्ष क्रम में जगह बनाना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, 'वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि उस पोजिशन पर हमारे पास काफी गहराई और गुणवत्ता है। लेकिन हमारी पहली प्राथमिकता हमेशा सीरीज जीतना और सर्वश्रेष्ठ टीम उतारना होती है।' उन्होंने आगे कहा कि जब भी जायसवाल जैसे खिलाड़ियों को मौका मिलता है, उन्हें रन बनाने ही होंगे। डेस्काटे ने कहा, 'भारतीय क्रिकेट की यही प्रकृति है। यहां छिपने की कोई जगह नहीं है। चाहे रोटेशन के तहत मौका मिले या किसी अन्य वजह से, खिलाड़ियों को मिले अवसरों को भुनाना पड़ता है।'
इंग्लैंड दौरे से पहले बढ़ा दबाव
जायसवाल के लिए यह मुकाबला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि जल्द ही इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम का चयन होना है। शीर्ष क्रम में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, ईशान किशन और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी के बीच जायसवाल को अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए बड़ी पारी खेलनी होगी।
नीतीश रेड्डी
- फोटो : BCCI
नीतीश रेड्डी की वापसी लगभग तय
भारतीय टीम को तीसरे वनडे से पहले राहत की खबर भी मिली है। ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी पूरी तरह फिट हो चुके हैं और उनके अंतिम एकादश में लौटने की संभावना है। डेस्काटे ने कहा, 'नीतीश पिछले मैच में भी खेल सकते थे, लेकिन हमने सावधानी बरती। अब वह पूरी तरह तैयार हैं और कल के मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।' नीतीश ने जांघ में हल्की तकलीफ के कारण लखनऊ में खेला गया दूसरा वनडे नहीं खेला था।
हर्षित राणा
- फोटो : PTI
हर्षित राणा टीम से जुड़े, लेकिन मौका मुश्किल
तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी पुनर्वास प्रक्रिया पूरी करने के बाद भारतीय टीम से जुड़ गए हैं। हालांकि, टीम प्रबंधन उनके खेलने को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहता और चेन्नई वनडे में उनके उतरने की संभावना कम मानी जा रही है।
अफगानिस्तान टीम
- फोटो : ANI
अफगानिस्तान सम्मान बचाने उतरेगा
दूसरी ओर, अफगानिस्तान टीम टेस्ट और वनडे दोनों प्रारूपों में भारत के सामने संघर्ष करती नजर आई है। मेहमान टीम अंतिम मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन कर सम्मानजनक विदाई चाहती है। इसके लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में उन्हें कहीं ज्यादा अनुशासित प्रदर्शन करना होगा। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरा और अंतिम वनडे शनिवार दोपहर 1:30 बजे चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।