फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AFG: रोहित शर्मा ने तोड़ा 37 साल पुराना रिकॉर्ड, भारत के लिए वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बने

Sat, 13 Jun 2026 06:23 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला

सार

पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने शनिवार को धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में उतरते ही बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष क्रिकेटर बन गए।
विज्ञापन
रोहित शर्मा - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने शनिवार को ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन  स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में उतरते ही रोहित भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष क्रिकेटर बन गए।
विज्ञापन

रोहित ने तोड़ा मोहिंदर अमरनाथ का रिकॉर्ड
39 साल और 44 दिन की उम्र में मैदान पर उतरने वाले रोहित शर्मा ने पूर्व भारतीय ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। अमरनाथ ने 1989 में अपना आखिरी वनडे 39 साल और 36 दिन की उम्र में खेला था।

झूलन गोस्वामी के नाम है ओवरऑल रिकॉर्ड
हालांकि, भारत के लिए वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर का रिकॉर्ड अब भी पूर्व महिला तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के नाम दर्ज है। झूलन ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में अपना अंतिम वनडे 39 साल और 303 दिन की उम्र में खेला था। अब तक कोई भी भारतीय क्रिकेटर 40 वर्ष की उम्र पार करने के बाद वनडे क्रिकेट नहीं खेल पाया है। अगर रोहित शर्मा अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहते हैं, तो वह 40 साल की उम्र के बाद वनडे खेलने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन सकते हैं।

भारत बनाम अफगानिस्तान - फोटो : PTI
बारिश से प्रभावित रहा मुकाबला
धर्मशाला में लगातार बारिश के कारण मैच निर्धारित समय से काफी देर से शुरू हुआ। मुकाबला दोपहर 1:30 बजे शुरू होना था, लेकिन बारिश के चलते टॉस और खेल में देरी हुई। आखिरकार मैच शाम 5:45 बजे शुरू हुआ और इसे घटाकर प्रति टीम 25 ओवर का कर दिया गया।

भारत ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी चुनी
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गिल ने बताया कि इस मुकाबले में हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़ वनडे क्रिकेट में डेब्यू कर रहे हैं। वहीं, यशस्वी जायसवाल, प्रिंस यादव और कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली है।
विज्ञापन

भारत बनाम अफगानिस्तान - फोटो : PTI

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।

अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह ओमरजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), राशिद खान, मोहम्मद सलीम सफी, अल्लाह गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें