भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है। इसमें सबसे ज्यादा दिलचस्प बात यह है कि तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर गुरनूर बराड़ को दोनों ही टीम में मौका मिला है। यह पहली बार है जब गुरनूर राष्ट्रीय टीम में शामिल किए गए हैं। बराड़ घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए खेलते हैं, जबकि आईपीएल में वह गुजरात टाइटंस का प्रतिनिधत्व कर रहे हैं। दोनों टीमों में उनके कप्तान शुभमन गिल हैं और अब जब भारतीय टीम में उन्हें जगह मिली है तो एक बार फिर वह गिल की कप्तानी में ही खेलने उतरेंगे।
गुरनूर बराड़ के बारे में जानें
- पंजाब के उभरते दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ का जन्म 25 मई 2000 को मुक्तसर में हुआ था।
- 6 फीट 4 इंच की लंबी कद-काठी और हाई-आर्म एक्शन के कारण वे अच्छी गति और उछाल उत्पन्न करते हैं।
- घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार सुधर रहा है, खासकर 2024-25 रणजी सीजन में पंजाब के लिए 26 विकेट लेकर उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की।
- शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में भी वे टॉप विकेट टेकर रहे।
- निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी करने वाले गुरनूर भारतीय क्रिकेट में एक अच्छे पेस बॉलिंग ऑप्शन के रूप में उभर रहे हैं और भारत ए स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ चुके हैं।
2021 में पंजाब के लिए किया डेब्यू
बराड़ ने 2021 में पंजाब के लिए लिस्ट ए डेब्यू किया था और उस साल पांच प्रथम श्रेणी मैच खेले थे। इस दौरान पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी की उन पर नजर पड़ी और वह पंजाब किंग्स के साथ नेट गेंदबाज के तौर पर जुड़े। वे चोटिल राज बावा की जगह रिप्लेसमेंट के रूप में आए थे। मोहाली में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से उस वक्त पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन को प्रभावित किया। बराड़ जल्द ही नेट गेंदबाज से पंजाब की टीम में शामिल होने में सफल रहे और उन्हें 2023 में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ डेब्यू का मौका मिला। हालांकि, बराड़ इसके बाद से अब तक आईपीएल का कोई मैच नहीं खेल सके हैं। आईपीएल में उन्होंने तीन ओवर गेंदबाजी की और 42 रन लुटाए, जबकि उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली।
किस तरह गुजरात टाइटंस में मिली एंट्री
बराड़ के लिए आईपीएल डेब्यू यादगार नहीं रहा और जल्द ही पंजाब किंग्स से भी उनका करार खत्म हो गया। हालांकि, शुभमन गिल से उन्हें समर्थन मिला जिन्होंने 2024 में उन्हें गुजरात टाइटंस के साथ नेट गेंदबाज के तौर पर जुड़ने का मौका दिया। गुजरात टाइटंस में बराड़ को आशीष नेहरा के रूप में एक अनुभवी मेंटर मिला। बराड़ उस वक्त चोट से उबर रहे थे और नेहरा ने उनसे अपने अनुभव साझा किए। गुजरात टाइटंस के साथ एक साल तक नेट गेंदबाज के तौर पर जुड़े रहने के बाद बराड़ को 2025 की मेगा नीलामी में गुजरात ने खरीदा और फिर 2026 सीजन के लिए रिटेन किया। हालांकि, बराड़ अब तक गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू नहीं कर सके हैं।