भारत अंडर-19 ने पहले यूथ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को पारी और 48 रन से करारी शिकस्त दी। राजकोट में खेले गए मुकाबले में यशवर्धन चौहान ने छह विकेट और ईशान ओम ने चार विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इससे पहले लक्ष्य रायचंदानी की 240 रन की शानदार पारी ने भारत की जीत की नींव रख दी थी। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की यूथ टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इससे पहले भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को यूथ वनडे सीरीज में 3-0 से हराया था।
पहली पारी में भारत ने बनाया विशाल स्कोर
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य रायचंदानी के दोहरे शतक की बदौलत 494 रन बनाए। रायचंदानी ने 281 गेंदों पर 240 रन की मैराथन पारी खेली, जिसमें 24 चौके और चार छक्के शामिल रहे। उनके अलावा यशवर्धन चौहान ने 54 और मोहित उलवा ने 92 रन की अहम पारियां खेलीं। चौहान ने रायचंदानी के साथ 124 रन की साझेदारी की, जबकि उलवा ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर आक्रामक अंदाज में प्रहार करते हुए 84 गेंदों पर 92 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और चार छक्के शामिल रहे। भारत ने पहली पारी में 277 रन की बड़ी बढ़त हासिल की, जिससे ऑस्ट्रेलिया पर दबाव काफी बढ़ गया।
चौहान और ईशान के सामने ऑस्ट्रेलिया ने टेके घुटने
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 217 रन पर सिमट गई। यशवर्धन चौहान ने 6 विकेट लेकर भारतीय गेंदबाजी की अगुआई की। उन्होंने ब्लेक कैटल को भी आउट किया, जिन्होंने 123 रन की शानदार पारी खेली। कैटल ने 114 गेंदों पर शतक पूरा किया और अपनी पारी में 16 चौके और चार छक्के लगाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। ऑस्ट्रेलिया के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। बाएं हाथ के स्पिनर ईशान ओम ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और ऑस्ट्रेलिया के विशेषज्ञ बल्लेबाजों को परेशान किया।
दूसरी पारी में भी नहीं बदली तस्वीर
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 229 रन बनाए और पूरी टीम 59.4 ओवर में ऑलआउट हो गई। यहां भी चौहान ने 6/75 और ईशान ओम ने 4/62 के आंकड़े के साथ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को कोई मौका नहीं दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से ब्लेक कैटल ने एक बार फिर संघर्ष किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके। इस तरह भारत ने मुकाबला पारी और 48 रन से अपने नाम कर लिया।
पांच अक्तूबर से दूसरा यूथ टेस्ट
दोनों टीमों के बीच दूसरा और आखिरी यूथ टेस्ट भी राजकोट में खेला जाएगा। यह मुकाबला पांच अक्तूबर से आयोजित होगा।