भारत और इंग्लैंड की अंडर-19 टीमों के बीच जारी यूथ टेस्ट मैच के तीसरे दिन मेहमानों ने 229 रनों की बढ़त हासिल कर ली। स्टंप्स तक भारत ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 128 रन बना लिए हैं। विहान मल्होत्रा 52 गेंदों में 34 और अभिज्ञान कुंडु खाता खोले बिना क्रीज पर डटे हैं। इससे पहले इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 439 रन बनाकर ऑलआउट हो गई, जिससे भारत को 101 रन की बढ़त हासिल हुई क्योंकि टीम इंडिया ने पहली पारी में 10 विकेट पर 540 रन बनाए थे।
भारतीय अंडर-19 टीम की दूसरी पारी
भारतीय अंडर-19 टीम की सोमवार को दूसरी पारी में शुरुआत शानदार हुई। वैभव सूर्यवंशी ने 44 गेंदों में 56 और कप्तान आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 32 रन बनाए। मौल्यराजसिन्ह चावड़ा सिर्फ तीन रन बना सके। फिलहाल विहान और अभिज्ञान क्रीज पर मौजूद हैं। भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 128 रन बना लिए हैं।
इंग्लैंड अंडर-19 टीम की पहली पारी
तीसरे दिन का खेल 230/5 के स्कोर से हुआ। थॉमस रियू और एकांश सिंह क्रीज पर मौजूद थे। दोनों क्रमश: 34 और 59 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राल्फी अलबर्ट ने 50, जैक होम ने 44, जेम्स मिन्टो ने 20 रन बनाए। वहीं एलेक्स ग्रीन खाता खोले बिना नाबाद रहे। इससे पहले आर्ची वॉन ने दो, जैद डैनली ने 27, हम्जा शख ने 84, रॉकी फ्लिंटॉफ ने 93 और बेन मेयस ने 11 रन बनाए थे। भारत के लिए हेनिल पटेल ने तीन विकेट लिए जबकि आरएस अमब्रीश और वैभव सूर्यवंशी को दो-दो विकेट मिले। वहीं, दीपेश देवेंद्रन, मोहम्मद एनान और विहान मल्होत्रा ने एक-एक सफलता अपने नाम की।
भारतीय अंडर-19 टीम की पहली पारी
इससे पहले, भारतीय अंडर-19 टीम के लिए कप्तान आयुष म्हात्रे के शतक और अभिज्ञान कुंडू, राहुल कुमार, विहान मल्होत्रा और आरएस अंब्रीश ने अर्धशतक लगाए जिससे भारत विशाल स्कोर बनाने में सफल रहा। भारत ने दूसरे दिन सात विकेट पर 450 रन से आगे खेलना शुरू किया। अंब्रीश और हेनिल पटेल ने पारी आगे बढ़ाई और लय जारी रखते हुए शानदार प्रदर्शन किया। अंब्रीश ने इस दौरान अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने हेनिल पटेल के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की जिससे भारत ने पहली पारी में 500 रनों का आंकड़ा छू लिया। अंब्रीश हालांकि 70 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पटेल ने 38 रन बनाए। दीपेश देवेंद्रन चार रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, अनमोलजीत सिंह आठ रन बनाकर नाबाद रहे।
शुरुआती दिन भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और कप्तान आयुष म्हात्रे के शतक और अभिज्ञान कुंडू, राहुल कुमार और विहान मल्होत्रा के अर्धशतकों से पहली पारी में सात विकेट पर 450 रन बना लिए थे। भारत ने आज इसी स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। भारत के लिए म्हात्रे ने 102, अभिज्ञान ने 90, राहुल ने 85 और विहान ने 67 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड अंडर-19 टीम की ओर से एलेक्स ग्रीन और रल्फी एलबर्ट को तीन-तीन विकेट मिले, जबकि जैक होम और आर्ची वॉर्न ने दो-दो विकेट लिए।