फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत ने जीती अनौपचारिक सीरीज: दूसरे वनडे में यशवर्धन चौहान का ऑलराउंड प्रदर्शन, 238 पर ऑलआउट हुए कंगारू

Mon, 21 Sep 2026 06:21 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, राजकोट

सार

भारत अंडर-19 ने दूसरे यूथ वनडे में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को 103 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। यशवर्धन चौहान ने 122 रन की शानदार पारी खेलने के बाद दो विकेट भी झटके और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
विज्ञापन
यशवर्धन चौहान - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यशवर्धन चौहान के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत अंडर-19 ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को दूसरे यूथ वनडे में 103 रन से हरा दिया। निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 341/7 का विशाल स्कोर बनाया और फिर ऑस्ट्रेलिया को 238 रन पर समेट दिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
विज्ञापन


यशवर्धन चौहान का शानदार शतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के 11 रन पर आउट होने के बाद आर्यवीर सहवाग ने संभाला। सहवाग ने 48 गेंदों पर 47 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद यशवर्धन चौहान और वीके विनीत ने पारी को मजबूती दी। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 124 गेंदों पर 132 रन की शानदार साझेदारी की। चौहान ने 100 गेंदों पर 122 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 15 चौके और दो छक्के शामिल रहे। उन्होंने लगातार दूसरे मैच में 50 से अधिक का स्कोर बनाया।

विनीत ने भी उनका बेहतरीन साथ दिया और 92 गेंदों पर 87 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और छह छक्के शामिल रहे। विनीत के 40वें ओवर में आउट होने के समय भारत का स्कोर 233/3 था। इसके बाद चौहान और कुशाग्र ओझा ने पारी को तेजी दी। ओझा ने महज 20 गेंदों पर 34 रन की तूफानी पारी खेली। भारत ने आखिरी 10 ओवरों में 106 रन जोड़कर स्कोर को 341/7 तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से थॉमस वासेओ सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 10 ओवर में 78 रन देकर तीन विकेट लिए।
विज्ञापन


ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी, लेकिन बाद में ढह गई पारी
342 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत संभली हुई रही। कप्तान जैक कॉजनेक और मैथ्यू लॉफ ने पारी को संभालने की कोशिश की। लॉफ ने 40 गेंदों पर 42 रन बनाए, जबकि कॉजनेक ने 63 गेंदों पर 81 रन की जुझारू पारी खेली। उनकी पारी में सात चौके और चार छक्के शामिल थे। ऑस्ट्रेलिया ने 72 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद कॉजनेक और लॉफ के बीच 82 गेंदों पर 99 रन की साझेदारी से वापसी की। हालांकि, 27वें ओवर में काव्या परेश पटेल ने कॉजनेक को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।

इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई पारी बुरी तरह लड़खड़ा गई। टीम ने अपने आखिरी छह विकेट महज 38 रन के अंदर गंवा दिए। ब्लेक कैटल ने 46 गेंदों पर 44 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं ले जा सके। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 की पूरी टीम 41.1 ओवर में 238 रन पर ऑलआउट हो गई।

गेंदबाजी में भी चौहान का कमाल
भारत की ओर से चिगुरुपति वेंकटा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 64 रन देकर तीन विकेट झटके। यशवर्धन चौहान ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल करते हुए 56 रन देकर दो विकेट लिए। काव्या परेश पटेल ने किफायती गेंदबाजी करते हुए सात ओवर में सिर्फ 23 रन देकर दो विकेट हासिल किए। मोहित उल्वा को एक विकेट मिला। इस तरह भारत अंडर-19 ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को 103 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें