फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यास्तिका के शतक पर फिरा पानी: ऑस्ट्रेलिया ए ने दो विकेट से जीता दूसरा वनडे, सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंची

Wed, 23 Sep 2026 06:22 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मोहाली

सार

यास्तिका भाटिया के 84 गेंदों में 112 रन की तूफानी पारी के बावजूद भारत महिला ए को दूसरे अनौपचारिक वनडे में ऑस्ट्रेलिया ए के हाथों दो विकेट से हार मिली। ऑस्ट्रेलिया ने 339 रन का लक्ष्य 49.3 ओवर में हासिल कर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी, अब निर्णायक मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा।
विज्ञापन
यास्तिका भाटिया - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यास्तिका भाटिया के आक्रामक शतक के बावजूद भारतीय महिला ए टीम को ऑस्ट्रेलिया महिला ए के खिलाफ दूसरे अनौपचारिक वनडे में दो विकेट से हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने 339 रन के लक्ष्य को 49.3 ओवर में आठ विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। भारत ने पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराया था। अब सीरीज का निर्णायक तीसरा और आखिरी अनौपचारिक वनडे शुक्रवार को मोहाली में खेला जाएगा।
विज्ञापन

यास्तिका ने जड़ा तूफानी शतक
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 84 गेंदों में 112 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके और दो छक्के लगाए। यास्तिका के अलावा तेजल हसबनिस और अनुष्का शर्मा ने भी 60-60 रन की पारियां खेलीं। हालांकि, पारी के अंतिम चरण में भारत ने कुछ विकेट जल्दी गंवा दिए। निकी प्रसाद बिना खाता खोले आउट हुईं, जबकि मिन्नू मणि सिर्फ तीन रन बना सकीं। भारत ने 50 ओवर में छह विकेट पर 338 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने आठ ओवर में 39 रन देकर तीन विकेट लिए।
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने पलटा मैच
339 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने आक्रामक शुरुआत की। उसके शीर्ष चार में से तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाया। कप्तान तालिया विल्सन ने 77 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 79 रन बनाए। वहीं अनिका लियरॉयड ने सिर्फ 29 गेंदों में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 54 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को शुरुआती झटके से उबारा।

इसके बाद चार्ली नॉट ने महज 37 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया। भारत की ओर से मिन्नू मणि ने तीन विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को रोकने की कोशिश की। उन्होंने 10 ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट लिए। सयाली सतघरे ने दो और प्रसाद ने भी दो विकेट हासिल किए।

हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी की गहराई भारत पर भारी पड़ी। टेस फ्लिंटॉफ ने 38, हेली सिल्वर-होम्स ने 47 और मिली इलिंगवर्थ ने नाबाद 22 रन बनाकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी ओवर में तीन गेंद शेष रहते आठ विकेट के नुकसान पर 341 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें