यशस्वी जायसवाल के लगातार दूसरे शतक से भारत ए ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ शनिवार को तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन दो विकेट पर 227 रन बना लिए। यशस्वी ने 138 गेंद में 102 रन बनाकर 19 नवंबर से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले फॉर्म में वापसी की। बारिश के कारण 70वें ओवर में पहले दिन का खेल खत्म करना पड़ा।
यशस्वी का दमदार प्रदर्शन
पहले दिन का खेल समाप्त होने पर साई सुदर्शन (205 गेंद में नाबाद 77 रन) और कप्तान ध्रुव जुरेल (नाबाद 12 ) क्रीज पर थे। टेस्ट सीरीज से पहले जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और प्रसिद्ध कृष्णा भी यह मैच खेल रहे हैं। यशस्वी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ए के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा। उन्होंने जेरोड मैकी को दो बार लगातार तीन चौके लगाए। न्यूजीलैंड ए ने यशस्वी का कैच उस समय छोड़ा था जब वह 54 रन पर थे। इसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा।
यशस्वी ने आफ स्पिनर डीन फॉक्सक्राफ्ट की गेंद पर 44वें ओवर में स्वीप शॉट खेलकर अपना शतक पूरा किया। इसके कुछ देर बाद ही वह फर्न्स की गेंद पर मिडआफ में कैच देकर आउट हो गए। मैकी ने 63वें ओवर में देवदत्त पडिक्कल को रवाना किया। भारत ए और न्यूजीलैंड ए टीमों के बीच खेला जा रहा यह तीसरा और आखिरी अनाधिकारिक टेस्ट है। इस मैच के बाद सीनियर टीमों के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू हो जाएगी। जायसवाल का फॉर्म में आना भारतीय टीम के लिए अच्छा संकेत है, क्योंकि उन्हीं को टेस्ट सीरीज में केएल राहुल के साथ भारतीय पारी की शुरुआत करनी है। पहले अनाधिकारिक टेस्ट में जायसवाल का बल्ला नहीं चला था, जिसने टीम इंडिया की चिंता बढ़ाई थी, लेकिन अब उनके लगातार दूसरे शतक से गिल एंड कंपनी ने राहत की सांस ली होगी।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
भारत ए: यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, जसप्रीत बुमराह, मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी।
न्यूजीलैंड ए: रिस मारियू, कर्टिस हीफी, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मैथ्यू बोयले, टिम रॉबिंसन, मैक्स चू (कप्तान और विकेटकीपर), कैमरन पॉल, ब्रेट रेंडेल, डंरू फर्न्स, जैक गिब्सन, जेरॉड मैकॉय।