अंशुल कंबोज और आकिब नबी की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ए ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन वापसी की। न्यूजीलैंड ए की पहली पारी 317 रन पर ऑलआउट हुई और उसने 204 रनों की बढ़त हासिल की। भारत ए की पहली पारी 113 रन पर ढेर हुई थी। पहली पारी में भारत ए के बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए थे। देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने शानदार साझेदारी कर दूसरी पारी में भारत ए को संभाले रखा। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ए ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 106 रन बनाए हैं। वह अभी न्यूजीलैंड ए से 98 रन पीछे है।
ओपनिंग जोड़ी फिर फ्लॉप
न्यूजीलैंड ए को पहली पारी में ऑलआउट करने के बाद दूसरी पारी में भी भारत ए की ओपनिंग जोड़ी फ्लॉप रही। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल एक बार फिर सस्ते में आउट हुए। साइमन कीन ने पहले यशस्वी को आउट किया जो पांच रन बनाकर आउट हुए। वहीं, फ्रेजर शीट ने राहुल को पवेलियन की राह दिखाई। राहुल चार रन ही बना सके। इसके बाद सुदर्शन और पडिक्कल ने भारत ए को संभाला। पडिक्कल ने इस दौरान अर्धशतक पूरा किया। स्टंप्स के समय पडिक्कल 89 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 56 और सुदर्शन 104 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 39 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाया न्यूजीलैंड ए
भारत ए को सस्ते में ऑलआउट करने के बाद न्यूजीलैंड ए ने मजबूत शुरुआत की। कर्टिस और कप्तान रिस मारियू ने पहले विकेट के लिए 132 रनों की साझेदारी कर न्यूजीलैंड ए को बढ़त दिला दी। इन दोनों बल्लेबाजों ने अकेले इतने रन जोड़े जितने भारत ए की पूरी टीम मिलाकर भी नहीं बना सकी। पहले दिन के खेल की समाप्ति से पहले मुकेश ने इस साझेदारी को तोड़ा। मुकेश ने मारियू को अपना शिकार बनाया जो 137 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आकिब नबी ने अपना दम दिखाया और लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए। आकिब ने जेडन लिनॉक्स और टिम रॉबिनसन को खाता खोले बिना आउट किया।
न्यूजीलैंड ए ने दूसरे दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 135 रन से की। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबदबा बनाए रखा। कंबोज ने कर्टिस हेफी को आउट किया जो 44 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद उन्होंने मैथ्यू बोयले को अपना शिकार बनाया जो 17 रन ही बना सके। हालांकि, डीन फोक्सक्रॉफ्ट ने अर्धशतक लगाकर टीम की बढ़त को मजबूत किया। फोक्सक्रॉफ्ट को वाशिंगटन सुंदर ने आउट किया जो 51 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड ए के लिए क्रिस्टियन क्लार्क ने 42, मिचेल हे ने 24, फ्रेजर शीट ने 7 और साइमन कीन ने 4 रन बनाए। वहीं, जैक गिब्सन 6 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ए के लिए अंशुल कंबोज और आकिब नबी ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि आकाश दीप को दो और मुकेश तथा सुंदर को एक-एक विकेट मिला।
भारत ए की पहली पारी
इससे पहले, न्यूजीलैंड ए ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहली पारी में भारत ए की पहली पारी सस्ते में ऑलआउट हो गई और भारतीय बल्लेबाज अपना दम नहीं दिखा सके। न्यूजीलैंड की सीनियर टीम के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज को देखते हुए ये अनौपचारिक मुकाबला अहम है। भारत ए टीम में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्हें न्यूजीलैंड की सीनियर टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। लेकिन इनके प्रदर्शन ने भारत की चिंता बढ़ा दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। भारत ए टीम ने यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल जैसे अनुभवी बल्लेबाज शामिल हैं, लेकिन ये दोनों भी पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए। भारत ए की ओर से पहली पारी में यश राठौड़ और देवदत्त पडिक्कल ही कुछ रन बना सके, जबकि अन्य बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए।