इस्सी वोंग की 15 गेंद में 35 रन की नाबाद पारी के दम पर इंग्लैंड महिला ए ने दूसरे मुकाबले में शुक्रवार को यहां भारत महिला ए को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की टी-20 सीरीज को 1-1 से बराबर किया। भारत महिला ए के नौ विकेट पर 149 रन के जवाब में इंग्लैंड की पारी 15वें ओवर में पांचवां विकेट गिरने से लड़खड़ा गई थी लेकिन वोंग ने इसके बाद पांच चौके और एक छक्का जड़ित नाबाद पारी खेलकर सात गेंद शेष रहते टीम की जीत सुनिश्चित की।
उन्होंने अपने आखिरी 23 रन सिर्फ सात गेंदों में बनाए। इंग्लैंड को आखिरी दो ओवर में जीत के लिए 17 रन चाहिए थे। वोंग ने काशवी गौतम (34 रन पर एक विकेट) के खिलाफ दो चौके और एक छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। सीरीज का निर्णायक मुकाबला तीन दिसंबर को खेला जाएगा।