बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार की शानदार गेंदबाजी से भारत-ए ने दूसरे अनधिकृत टेस्ट मैच में बांग्लादेश ए को पारी और 123 रन से हराया। सौरभ ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 74 रन देकर छह विकेट लिए। इस जीत के साथ ही भारत-ए ने दो मैचों की सीरीज 1-0 से जीत ली है। पहला मैच ड्रॉ हो गया था।
सौरभ ने शानदार प्रदर्शन से 14 दिसंबर से बांग्लादेश के खिलाफ शुरू हो रही टेस्ट सीरीज के लिए रविंद्र जडेजा की जगह चुने जाने का दावा मजबूत किया है। सौरभ ने इस मैच में 55 रन भी बनाए थे। उन्होंने पहले मैच में 9 विकेट लिए थे। दूसरे मैच में बांग्लादेश-ए ने पहली पारी में 252 रन बनाए थे। भारत-ए ने पहली पारी 9 विकेट पर 562 रन बनाकर घोषित कर दी थी।
बांग्लादेश ए की दूसरी पारी 187 रन पर ऑल आउट हो गई। ओपनर शदमान इस्लाम ने नाबाद 93 रन बनाए। भारत-ए की ओर से सौरभ के छह विकेट के अलावा नवदीप सैनी और उमेश यादव ने दो-दो विकेट लिए।