बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार बांग्लादेश ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट में नौ विकेट झटककर आगामी टेस्ट शृंखला में रविंद्र जडेजा के विकल्प के तौर पर उभरे लेकिन टीम शुक्रवार को चौथे दिन महज एक विकेट के अंतर से पारी की जीत दर्ज करने से चूक गई। भारत ए ने पहली पारी में 353 रन की बढ़त हासिल की थी। बांग्लादेश ए की टीम ने 151 ओवर तक संघर्ष किया और नौ विकेट पर 343 रन बनाकर मैच ड्रॉ कराने में सफल रही।
पहली पारी में चार विकेट लेने वाले सौरभ ने दूसरी पारी में भी अच्छी गेंदबाजी की और 43 ओवर में 63 रन देकर पांच विकेट झटके। ऑफ स्पिनर जयंत यादव ने 47 ओवर में 134 रन खर्च कर एक विकेट लिया। सरफराज खान ने 20 रन देकर एक विकेट लिया।
बांग्लादेश ए के लिए जाकिर हसन ने 402 गेंद की मैराथन पारी में 173 रन बनाए। उन्होंने साढ़े 10 घंटे से अधिक बल्लेबाजी की और एक छोर को संभाले रखा। उन्होंने आठवें विकेट के लिए नईम हसन (05) के साथ 15.4 ओवर तक भारतीय गेंदबाजों को विकेट से दूर रखा। इसके बाद 10वें और 11वें नंबर के बल्लेबाज राजौर रहमान राजा (05 रन) और खालिद अहमद (00) आखिरी के 14 गेंदों पर क्रीज पर टिके रहे।