शमी ने अपने पहले ओवर में कुल पांच गेंद वाइड डाली जिस कारण उनका ओवर काफी लंबा रहा। शमी के पहले ओवर से पाकिस्तान ने छह रन जुटाए जिसमें से पांच रन अतिरिक्त रहे।
भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबे की शुरुआत हो चुकी है। फखर जमां की जगह टीम में आए इमाम उल हक और बाबर आजम क्रीज पर हैं। भारत की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने गेंदबाजी की शुरुआत की, लेकिन उन्होंने पहले ही ओवर में 11 गेंदें फेंकी। शमी पहले ओवर में लय में नहीं दिखे और इस महामुकाबले का दबाव उन पर नजर आया।
विज्ञापन
पांच अतिरिक्त रन दिए
शमी ने अपने पहले ओवर में कुल पांच गेंद वाइड डाली जिस कारण उनका ओवर काफी लंबा रहा। शमी के पहले ओवर से पाकिस्तान ने छह रन जुटाए जिसमें से पांच रन अतिरिक्त रहे। इसके अलावा एक रन इमाम ने भाग कर लिया। पहले ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना विकेट गंवाए छह रन है।
पाकिस्तान ने जीता टॉस
भारत के खिलाफ महामुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। चोटिल फखर जमां की जगह इमाम उल हक खेल रहे हैं। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। रोहित ने कहा कि वह टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का ही फैसला लेने वाले थे। इसलिए टॉस हारने का उन्हें नुकसान नहीं हुआ है।
प्रशंसकों के निशाने पर आए
शमी ने जिस तरह पहले ओवर की शुरुआत की, इससे वह सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के निशाने पर आ गए। कई यूजर्स ने शमी के मजे लिए, जबकि कुछ ने उनकी आलोचना की।
बांग्लादेश के खिलाफ किया था शानदार प्रदर्शन
शमी ने चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था और पांच विकेट झटके थे। चोट के कारण क्रिकेट से करीब एक साल तक दूर रहने के बाद भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बांग्लादेश के खिलाफ प्रभावित किया था। शमी की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत ने छह विकेट से जीत दर्ज की थी। वह 200 वनडे विकेट तक सबसे तेजी से पहुंचने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज भी बन गए थे। शमी सबसे कम गेंदों पर वनडे में 200 विकेट पूरे करने वाले गेंदबाज बन गए थे। शमी ने यह उपलब्धि 5126 वनडे गेंदों पर हासिल की थी।