पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रावलपिंडी में खेला गया। रविवार को खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे को छह विकेट से हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली।
मैच में टॉस जीतकर जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन इफ्तिखार अहमद की गेंदबाजी के आगे जिम्बाब्वे बेबस नजर आई। टीम ने छोटे-छोटे अंतराल पर विकेट गंवाए, हालांकि सीन विलियम्स (75 रन) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत मेहमान टीम जैसे-तैसे 200 के स्कोर के पार पहुंची। जिम्बाब्वे की टीम 45.1 ओवर में 206 रन बनाए। पाकिस्तान की तरफ से इफ्तिखार ने सर्वाधिक 5 और मुहम्मद मूसा ने दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने अच्छी शुरुआत की। पाकिस्तान ने पहले विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। इमाम-उल-हक अपने अर्धशतक से चूक गए और 49 रन पर आउट हुए, हालांकि इसके बाद बाबर आजम ने नाबाद रहते हुए 77 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। बाबर ने इफ्तिखार के पांचवें विकेट के लिए 46 रनों की अटूट साझेदारी की और 35.2 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया।
बाबर आजम ने 74 गेंद में सात चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 77 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। इफ्तिकार 16 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले इफ्तिखार को मैन ऑफ दी मैच दिया गया।