पहले से तय कार्यक्रम के आधार पर टी-20 वर्ल्ड कप में 19 मार्च को भारत और पाकिस्तान का बहुचर्चित मुकाबला धर्मशाला में खेला जाना था लेकिन सुरक्षा कारणों से इस मैदान पर इस मैच की मेजबानी छीन ली गई। धर्मशाला में भारत और पाक के बीच मैच नहीं होने पर ये 4 बड़ी दिक्कतें आ सकती हैं।
पहला, कार्यक्रम तय होने के बाद धर्मशाला के खूबसूरत स्टेडियम में चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच मुकाबला देखने की हसरत अधूरी रह गई। बड़ी संख्या में दर्शक पहाड़ पर बने शानदार और दिलकश स्टेडियम पर मैच देखने का मजा लेना चाहते थे लेकिन अब ऐसा नहीं हो पाएगा।
दूसरा, भारत और पाक के बीच मैच की घोषणा होने के बाद जब से टिकटों की बिक्री शुरू हुई तभी से ही टिकटों की मारामारी दिखी। मैच कहीं और शिफ्ट होने पर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा क्योंकि उसे लोगों के टिकट वापस करने होंगे। साथ स्थानीय बोर्ड ने मैच की तैयारी को लेकर जो खर्चा किया है उसका कोई फायदा नहीं होगा। टिकट की छपाई का जो खर्चा हुआ सो अलग।
तीसरा, भारत की छवि पर असर पड़ेगा। वर्ल्ड कप एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है और इसके कार्यक्रम करीब एक साल पहले ही तय हो जाते हैं। अब सुरक्षा कारणों से मैच स्थल बदला जाता है तो देश की छवि को नुकसान होगा।
चौथा, मैच की मेजबानी दूसरी जगह जाने पर आयोजकों को काफी मेहनत करनी होगी। धर्मशाला में टिकटों को वापस करने का दबाव बनेगा ही साथ ही नए आयोजन स्थल को इस बड़े मैच के लिए हड़बड़ी में काफी काम करना होगा। यह बड़ा मैच 19 को है यानी की आज से सिर्फ 10 दिन का समय रह गया है ऐसे में मेजबान स्थल के लिए तैयारी के वास्ते कम समय मिलेगा।