बीसीसीआई के सभी घरेलू मैचों का टाइटल स्पॉन्सर IDFC फर्स्ट बैंक होगा
- फोटो : सोशल मीडिया
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने भारत में होने वाले बीसीसीआई के सभी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मैचों के लिए टाइटल स्पॉन्सर के अधिकार हासिल कर लिए हैं। अगले तीन साल तक आईडीएफसी फर्स्ट बैंक बीसीसीआई द्वारा आयोजित भारत में होने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय मैचों (महिला और पुरुष दोनों), घरेलू क्रिकेट मैचों जैसे ईरानी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी के साथ-साथ सभी जूनियर क्रिकेट (अंडर-19 और अंडर-23) के लिए शीर्षक प्रायोजक होगा।
बीसीसीआई और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के बीच अनुबंध भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे विश्व कप से पहले होने वाली तीन मैच की सीरीज से प्रभावी होगा।
बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने कहा “हमें अपने सभी घरेलू मैचों के लिए शीर्षक प्रायोजक के रूप में आईडीएफसी फर्स्ट का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। उनकी प्रतिबद्धता और दृष्टिकोण क्रिकेट की भावना के अनुरूप है, और हम एक सफल सहयोग की आशा करते हैं जो खेल और इसके समर्पित प्रशंसकों को लाभान्वित करेगा।"
पहले पेटीएम के पास भारत में होने वाले सभी मुकाबलों के टाइटल स्पॉन्सर के अधिकार थे। इस कंपनी ने टाइटल स्पॉन्सर के रूप में अपनी भागीदारी समाप्त करने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद मास्टरकार्ड देश के अंदर होने वाले सभी मुकाबलों में टाइटल स्पॉन्सर रहा। अब यह अधिकार आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के पास होंगे। उनके पास तीन साल की अवधि के लिए (अगस्त 2026 तक) अधिकार रहेंगे। इस दौरान कुल 56 अंतर्राष्ट्रीय मैच होंगे। इसके जरिए बीसीसीआई को 987.84 करोड़ की कमाई होगी। पिछले चक्र में एक मैच के लिए 3.6 करोड़ रुपये चार्ज किए जाते थे, जिसमें प्रति मैच 60 लाख रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है।
बीसीसीआई अगले महीने घरेलू प्रसारण अधिकार के जरिए भी मोटी कमाई कर सकता है। हाल ही में, बीसीसीआई ने बायजूस की जगह ऑनलाइन फैंटेसी गेमिंग प्लेटफॉर्म ड्रीम 11 को भारतीय टीम के आधिकारिक प्रायोजक के रूप में शामिल किया। किलर के बाद एडिडास जर्सी स्पॉनसर है। पहले ये अधिकार भी एमपीएल के पास थे।