आईसीसी महिला विश्व कप के 26वें मैच में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 71 रनों से हराकर टूर्नामेंट की तीसरी जीत दर्ज की। इसके साथ ही दोनों टीमों के लीग स्टेज के कोटे के मुकाबले पूरे हो गए। हालांकि दोनो ही टीमें सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं।
आईसीसी महिला विश्व कप के 26वें मैच में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 71 रनों से हराकर टूर्नामेंट की तीसरी जीत दर्ज की। इसके साथ ही दोनों टीमों के लीग स्टेज के कोटे के मुकाबले पूरे हो गए। हालांकि दोनो ही टीमें सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूजी बेट्स की 126 रनों की पारी के बदौलत 265 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 50 ओवर खेलकर 194 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। न्यूजीलैंड की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसने 31 के स्कोर पर कप्तान सोफी डिवाइन (12) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद अमेलिया केर (24) ने बेट्स के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी की। लेकिन तीन गेंद के अंदर केर और एमी सैथरवेट दोनों आउट हो गईं। टीम ने 100 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। लेकिन सूजी बेट्स ने मध्यक्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर अहम साझेदारियां की और टीम के स्कोर को 265 तक पहुंचाया। कीवियों की तरफ से सूजी बेट्स ने 135 गेंदों में सर्वाधिक 126 रन बनाए। जबकि पाकिस्तान की तरफ से निदा डार ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए।
न्यूजीलैंड के 266 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरूआत खराब रही और उसने 73 के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद बिस्माह मारूफ (38) और निदा डार (50) ने मिलकर टीम को संभाला और चौथे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी की। हालांकि दोनों के आउट होने के बाद विकेटों के गिरने का सिलसिला शुरू हुआ और टीम ने 174 के स्कोर पर अपने 9 विकेट गंवा दिए। लेकिन अंत में नाशरा संधू और अनम अमीन ने मिलकर जीत के लिए कोशिश की जो नाकाम रही। पाकिस्तानी टीम 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 194 रन ही बना पाई और मैच गंवा बैठी। न्यूजीलैंड की तरफ से हनाह रोवे ने सबसे अधिक पांच विकेट लिए।