आईसीसी ने पुरुषों के साथ-साथ साल 2024 की सर्वश्रेष्ठ महिला वनडे टीम की भी घोषणा कर दी है। इस टीम में दो भारतीयों को जगह दी गई है। इनमें स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा शामिल हैं। महिला की सर्वश्रेष्ठ वनडे टीम में भारत के अलावा इंग्लैंड की तीन खिलाड़ी, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की दो-दो खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, श्रीलंका और वेस्टइंडीज की एक-एक खिलाड़ी है।
मंधाना के लिए बेहतरीन रहा था साल 2024
28 साल की मंधाना ने पिछले साल 13 मैचों में 747 रन बनाए थे। वह साल 2024 की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं। इसकी वजह से उन्हें साल 2024 की सर्वश्रेष्ठ महिला वनडे खिलाड़ी के लिए भी नामित किया गया है। मंधाना ने साल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 29 गेंद में 29 रन बनाकर की थी। इसके बाद उन्हें अगले वनडे के लिए छह महीने का इंतजार करना पड़ा था। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जब वह खेलीं तो शानदार फॉर्म में दिखीं।
दीप्ति भी शानदार फॉर्म में रही थीं
इस टीम के खिलाफ सीरीज में उन्होंने लगातार दो शतक लगाए। वह तीसरे वनडे में शतक से चूक गई थीं। 343 रन बनाकर वह प्लेयर ऑफ द सीरीज रही थीं। उन्होंने अक्तूबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। वहीं, दीप्ति की बात करें तो उन्होंने पिछले साल 13 मैचों में 186 रन बनाए और 24 विकेट झटके। अपने ऑलराउंड शो से उन्होंने इस टीम में जगह बनाई।
टीम में और कौन कौन खिलाड़ी
आईसीसी की सर्वश्रेष्ठ महिला वनडे टीम में ओपनिंग की जिम्मेदारी मंधाना और वोल्वार्ड्ट को दी गई है। दक्षिण अफ्रीका की वोल्वार्ड्ट इस टीम की कप्तान भी हैं। इनके अलावा टीम में चमारी अट्टापट्टू और हेली मैथ्यूज जैसी विस्फोटक बल्लेबाज भी हैं। टीम के पास कई बेहतरीन ऑलराउंडर्स हैं। दीप्ति के अलावा टीम में मारिजाने कैप, गार्डनर और सदरलैंड जैसी दिग्गज ऑलराउंडर हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी एमी जोन्स को सौंपी गई है।
2024 के लिए आईसीसी महिला वनडे टीम ऑफ द ईयर: स्मृति मंधाना (भारत), एल वोल्वार्ड्ट (कप्तान) (दक्षिण अफ्रीका), चमारी अट्टापट्टू (श्रीलंका), हेली मैथ्यूज (वेस्टइंडीज), मारिजाने कैप (दक्षिण अफ्रीका), एश्ले गार्डनर (ऑस्ट्रेलिया), एनाबेल सदरलैंड (ऑस्ट्रेलिया), एमी जोन्स (विकेटकीपर) (इंग्लैंड), दीप्ति शर्मा (भारत), सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड), केट क्रॉस (इंग्लैंड)।