श्रीलंका में खेले गए आईसीसी महिला विश्वकप क्वालीफायर्स के फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को दी 1 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया। क्वालीफायर के सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और पाकिस्तान ने विश्वकप में अपनी जगह पक्की कर ली थी। महिला विश्वकप का आयोजन 24 जून से 23 जुलाई के बीच इंग्लैंड में होना है जिसमें 8 टीमें खेलती नजर आएंगी। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज को विश्वकप में सीधे एंट्री मिल गई थी।
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के पी सारा ओवल मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीकी टीम पूरे 50 ओवर बल्लेबाजी नहीं कर सकी। 49.4 ओवर में अफ्रीकी टीम 244 रन बना सकी। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की लेकिन उनमें से कोई भी अर्धशतक नहीं बना सका। भारत की ओर से राजेश्वरी गायकवाड़ ने 3, शिखा पांडे ने 2, एकता बिस्ट, पूनम यादव और दीप्ति शर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किया।
जीत के लिए 245 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 20 के स्कोर पर टी कामिनी के रूप में पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद ओपनर मोना मेश्राम और दीप्ति शर्मा ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 124 रनों की साझेदारी हुई।मोना मेश्राम ने 59 और दीप्ति ने 71 रन बनाए। इसके बाद भारतीय टीम के लगातार अंतराल पर विकेट खोती रही लेकिन कार्यवाहक कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक छोर थामे रथा। उन्होंने नाबाद 41 रन की पारी खेलकर पारी के अंतिम ओवर में भारत को एक विकेट से जीत दिला दी। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मेरीजेन केप और ए खाका ने 2-2 भारतीय खिलाड़ियों को पवेलियन वापस भेजा। वहीं शबनिम इस्माइल, डेन वेन निकरेक और मार्सिया लेत्सोलो ने 1-1 विकेट हासिल किया।
दीप्ति शर्मा को उनके शानदार आलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। वहीं दक्षिण अफ्रीका की सूने लुस को मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से नवाजा गया।