महिला विश्व कप का मौजूदा संस्करण रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका पर 10 विकेट से जीत के साथ अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। अब उसे दो और मुकाबले खेलने हैं, जिनमें एक भी जीत दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल में पहुंचा देगी। ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। अब तीसरे और चौथे स्थान के लिए टक्कर इंग्लैंड, भारत और न्यूजीलैंड के बीच है। बांग्लादेश, श्रीलंका और पाकिस्तान का सफ लगभग समाप्त हो चुका है।
भारत चौथे स्थान पर
महिला विश्व कप 2025 की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान पर कब्जा बनाए रखा है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक खेले गए पांच मैचों में चार जीत दर्ज की हैं और एक मुकाबला बिना परिणाम के समाप्त हुआ है। टीम के पास कुल नौ अंक हैं और नेट रन रेट 1.818 है। दक्षिण अफ्रीका महिला टीम आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। इंग्लैंड की टीम सात अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है जबकि भारत महिला टीम दो जीत और दो हार के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है। भारत के चार अंक हैं और नेट रन रेट 0.682 है।
न्यूजीलैंड पांचवें, बांग्लादेश छठे, श्रीलंका सातवें और पाकिस्तान महिला टीम आठवें स्थान पर है। पाकिस्तान ने अब तक कोई मैच नहीं जीता है और उसके पास सिर्फ एक अंक है। अगले मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया का सामना दक्षिण अफ्रीका से और भारत का सामना इंग्लैंड से होने वाला है, जो अंक तालिका की स्थिति को और रोमांचक बना सकता है।
भारत की वापसी पर नजरें
भारत को अभी तीन मुकाबले और खेलने हैं। इनमें इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश शामिल हैं। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली टीम लगातार दो मैचों में हार के बाद वापसी करना चाहेगी।