अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने महिलाओं की ताजा वनडे रैंकिंग जारी की है। साल 2021 की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर के अवॉर्ड से नवाजी गईं भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना की टॉप पांच बल्लेबाजों में एंट्री हुई है। वहीं, भारत की दिग्गज बल्लेबाज और कप्तान मिताली राज दूसरे स्थान पर बरकरार हैं।
मंधाना की रैंकिंग में दो स्थानों का सुधार
मंधाना दो स्थान के सुधार के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गई हैं। ताजा रैंकिंग में मंधाना के 710 रेटिंग अंक हैं। वहीं, मिताली के 738 अंक हैं। ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली 742 अंकों के साथ पहले स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ही बेथ मूनी तीसरे और एमी सैटरथवेट चौथे स्थान पर हैं।
गेंदबाजों में झूलन गोस्वामी दूसरे स्थान पर
मूनी के रेटिंग अंक 719 और एमी के रेटिंग अंक 717 हैं। गेंदबाजों की बात करें तो भारत की अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी 727 रेटिंग अंक के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की जेस जोनासेन 773 अंकों के साथ टॉप पर कायम हैं।
ऑलराउंडर्स में यह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी टॉप पर
ऑलराउंडर्स में ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज एलिसे पेरी शीर्ष रैंकिंग पर कायम हैं। पेरी ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे में 40 रन की पारी खेली थी। इसके साथ ही तीन विकेट भी लिए थे। इससे उन्हें 47 रेटिंग अंकों का फायदा हुआ।
इंग्लैंड की नैट स्किवर पहले स्थान पर
पेरी ने इंग्लैंड की नैट स्किवर (360) को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भारत की दीप्ति शर्मा 299 अंकों के साथ चौथे और 251 अंकों के साथ झूलन गोस्वामी 10वें स्थान पर बरकरार हैं।