टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच श्रृंखला के दौरान फ्रंटफुट नोबॉल का फैसला मैदानी अंपायर नहीं, बल्कि टीवी अंपायर करेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बुधवार को इसकी घोषणा की। आईसीसी ने कहा कि फ्रंटफुट नोबॉल तकनीक की समीक्षा करने के बाद भविष्य में इसका इस्तेमाल जारी रखने पर फैसला लिया जाएगा।
आईसीसी ने ट्वीट किया ,‘इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच श्रृंखला में फ्रंटफुट नोबॉल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। दोनों टीमों ने इसके लिए सहमति जताई है।’ इसमें कहा गया कि इस श्रृंखला में तकनीक के इस्तेमाल की समीक्षा करने के बाद भविष्य के लिए फैसला लिया जाएगा ।
हाल ही में इंग्लैंड और आयरलैंड के बीच वन-डे श्रृंखला में भी इसका इस्तेमाल किया गया था। पिछले साल भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीमित ओवरों की श्रृंखला में इसका प्रयोग किया गया था। इस साल ऑस्ट्रेलिया में खेले गए महिलाओं के टी-20 विश्व कप में इसकी शुरुआत हुई।