आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में चौकाने वाला बदलाव हुआ है। आईपीएल 2023 के पहले मैच में कंधे की चोट के चलते खेल के मैदान से बाहर चल रहे केन विलियम्सन दुनिया के शीर्ष टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। पहले इंग्लैंड के जो रूट शीर्ष स्थान पर थे, लेकिन एशेज सीरीज के दूसरे मैच की दोनों पारियों में फेल होने के बाद रूट को शीर्ष स्थान गंवाना पड़ा है। रूट ने इस मैच में 10 और 18 रन की पारी खेली। इसका फायदा विलियम्सन को हुआ। हालांकि, एशेज में अब तक शानदार बल्लेबाजी करने वाले स्टीव स्मिथ दूसरे स्थान पर हैं और वह केन विलियम्सन से सिर्फ एक अंक पीछे हैं। ऐसे में एशेज के तीसरे मैच में अच्छा प्रदर्शन करने पर स्मिथ टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष बल्लेबाज बन सकते हैं।
मौजूदा एशेज सीरीज का तीसरा मैच स्टीव स्मिथ का 100वां टेस्ट मैच होगा और इसमें शानदार प्रदर्शन कर वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करना चाहेंगे। स्मिथ ने लॉर्ड्स में दूसरे एशेज टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने अपना 32वां टेस्ट शतक बनाया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया। अगस्त 2021 के बाद पहली बार विलियम्स टेस्ट में शीर्ष बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने पहली बार नवंबर 2015 में टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया था।
अब टेस्ट में बल्लेबाजी रैंकिंग के शीर्ष सात स्थानों में चार बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के हैं। मार्नस लाबुशेन ने तीसरा स्थान हासिल किया, उनके बाद ट्रैविस हेड चौथे और उस्मान ख्वाजा सातवें स्थान पर हैं। बुधवार को जारी रैंकिंग में शीर्ष पांच बल्लेबाजों के बीच 17 रेटिंग अंक का अंतर है और इसका मतलब है कि अगर हेड, लाबुशेन और ख्वाजा हेडिंग्ले टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो रैंकिंग में और भी बदलाव हो सकते हैं।
टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस दो पायदान चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं और भारत के स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के करीब पहुंच गए हैं, जो रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर हैं। मिचेल स्टार्क की भी रैंकिंग में उछाल आया और वह भी दो स्थान आगे बढ़कर 14वें स्थान पर पहुंच गए। हालांकि, इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को एशेज 2023 सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद थोड़ा झटका लगा और वह दूसरे से चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। दूसरी ओर, इंग्लैंड के युवा सितारे जोश टंग ने लॉर्ड्स में अपने प्रभावशाली प्रदर्शन की बदौलत 27 स्थानों की छलांग लगाकर 59वां स्थान हासिल किया।