अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को गेंदबाजों और बल्लेबाजों की ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की। गेंदबाजी में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा 902 अंकों के साथ पहले पायदान पर अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन को पछाड़ते हुए यह रैंकिंग पाई है।
रबाडा ने
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच में 150 रन देकर 11 विकेट लिए। उनके इस घातक गेंदबाजी के बदौलत द. अफ्रीका कंगारुओं को 6 विकेट से मात देने में कामयाब रही।
आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया के
रवींद्र जडेजा तीसरे स्थान पर बने हुए हैं और स्पिन गेंदबाज
रविचंद्रन अश्विन दो स्थान ऊपर उठते हुए चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, बल्लेबाजों की सूची में
स्टीव स्मिथ शीर्ष पर बरकरार हैं, जबकि टीम इंडिया के कप्तान
विराट कोहली दूसरे स्थान पर हैं। दिग्गज बल्लेबाज
चेतेश्वर पुजारा छठे स्थान पर हैं। हाशिम अमला एक पायदान चढ़कर 9वें स्थान पर आ गए, जबकि लुंगी एन्गिडी 12 पायदान चढ़कर 37वें स्थान पर हैं।
बता दें कि रबाडा 900 अंक पार करने वाले 23वें और दक्षिण अफ्रीका के चौथे गेंदबाज हैं। उनसे पहले यह कारनामा वेर्नोन फिलांडर (912- साल 2013), शॉन पोलाक (909-साल 1999) और डेल स्टेन (909-साल 2014) यह कमाल कर चुके हैं।