दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के मैच के दौरान उग्र व्यवहार के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी, सऊद शकील और कामरान गुलाम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। संघ ने तीनों पर जुर्माना ठोका है, इसके अलावा उनके खाते में एक-एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा है।
आचार संहिता के नियम 2.12 का उल्लंघन करने के लिए अफरीदी पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। यह नियम 'किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान खिलाड़ी, खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति (दर्शक सहित) के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क।' से जुड़ा है।
क्या है मामला?
यह घटना बुधवार को दक्षिण अफ्रीका की पारी के 28वें ओवर में हुई जब अफरीदी ने एक रन लेने का प्रयास कर रहे मैथ्यू ब्रीट्जके का जानबूझकर रास्ता रोका जिससे शारीरिक संपर्क हुआ और दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस हुई। तेज गेंदबाज अफरीदी ने मैच के बाद स्वीकार किया कि वह मैच के दौरान कुछ समय के लिए ब्रीट्जके को परेशान करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन मैच खत्म होने के बाद दोनों ने सब कुछ भुलाकर हाथ मिलाया।
इन खिलाड़ियों पर भी चला आईसीसी का चाबुक
इसके अलावा आईसीसी ने पाकिस्तान के दो अन्य खिलाड़ियों पर भी दंडात्कम कार्रवाई की है। दरअसल, सऊद शकील और स्थानापन्न फील्डर कामरान गुलाम ने 29वें ओवर में दक्षिण अफ्रीका के टेम्बा बावुमा के बहुत करीब पहुंचकर जश्न मनाया था। आईसीसी ने इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना ठोका है।
आईसीसी ने क्या कहा?
दोनों खिलाड़ियों को संहिता के नियम 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया जो ‘अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी बल्लेबाज के आउट होने पर अपमानजनक भाषा, काम या हाव-भाव का उपयोग करने या आक्रामक प्रतिक्रिया को भड़काने से संबंधित है।’ आईसीसी ने फैसला सुनाया कि अफरीदी ने जानबूझकर ब्रीट्जके का रास्ता रोका था और सऊद तथा गुलाम ने बावुमा के आउट होने पर उनके बेहद करीब पहुंचकर जश्न मनाया।