अंडर-19 विश्वकप हमेशा से ही बड़े खिलाड़ियों की खोज का मंच रहा है। अब तक विराट कोहली, केन विलियमसन, बाबर आजम और स्टीव स्मिथ जैसे कई दिग्गज अंडर-19 विश्वकप के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर में अपनी जगह बना चुके हैं। इन सभी खिलाड़ियों की प्रतिभा सबसे पहले अंडर-19 क्रिकेट में ही सबसे सामने आई थी। मौजूदा अंडर-19 विश्वकप का फाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच होना है। इससे ठीक पहले आईसीसी ने कई दिग्गज खिलाड़ियों का वीडियो साझा किया है, जिसमें दिखाया गया है कि अंडर-19 क्रिकेट के दिनों में और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने के बीच ये दिग्गज कितने बदले हैं।
विराट कोहली, बाबर आजम, केन विलियमसन, स्टीव स्मिथ और जो रूट जैसे खिलाड़ी आधुनिक समय में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शामिल हैं। ये सभी बल्लेबाज अंडर-19 विश्व कप के रास्ते अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आए हैं और अपना नाम बनाया है। इन सभी खिलाड़ियों का वीडियो साझा करते हुए आईसीसी ने लिखा "तकनीक बदल जाती है, लेकिन क्लास बनी रहती है। देखिए सबसे बड़े सितारों में से कुछ अपने अंडर-19 के दिनों से कितने बदले हैं।"
वीडियो में विराट कोहली, जो रूट, बाबर आजम, बेन स्टोक्स, स्टीव स्मिथ, केएल राहुल के अंडर-19 विश्व कप और हाल के आईसीसी टूर्नामेंट का वीडियो था, जिसमें यह दिखाया गया था कि ये खिलाड़ी एक क्रिकेटर के रूप में कितने बदले हैं।
आठवीं बार फाइनल में पहुंचा है भारत
अंडर -19 विश्व कप में भारतीय टीम आठवीं बार फाइनल में पहुंच चुकी है। भारतत लगातार चौथी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा है। यश धुल की अगुवाई वाली टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 96 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से होगा, जो सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराकर आ रहा है। इस मैच में इंग्लैंड की टीम को काफी संघर्ष करना पड़ा था। भारत चार बार यह टूर्नामेंट जीत चुका है, जबकि इंग्लैंड ने सिर्फ एक बार यह खिताब अपने नाम किया है।
49 में से 37 मैच भारत के नाम
भारत और इंग्लैंड की अंडर-19 टीम 49 बार एक दूसरे के खिलाफ खेली हैं। इनमें से 37 मैच भारत और 11 मैच इंग्लैंड जीता है। वहीं एक मैच टाई रहा है। अब दोनों टीमें 50वां मैच अपने नाम करना चाहेंगी। अंडर-19 विश्वकप में इंग्लैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहद शानदार है। विश्वकप में दोनों टीमों के बीच आठ मैच हुए हैं। इनमें से छह भारत और दो इंग्लैंड के नाम रहे हैं। हालांकि, पिछली तीन भिड़ंत में दो मैच इंग्लैंड की टीम जीती है।