टी20 विश्व कप 2024 की शुरुआत एक जून से होगी। वेस्टइंडीज और अमेरिका की मेजबानी में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने महान धावक उसैन बोल्ट को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी। उन्हें इस टूर्नामेंट का एम्बेसडर बनाया गया है। वह आगामी टूर्नामेंट में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे।
जमैका में जन्में बोल्ट ने 2008 में बीजिंग में हुए ओलंपिक खेलों में इतिहास रचा था। उन्होंने विश्व रिकॉर्ड समय में 100 मीटर, 200 मीटर और 4x100 मीटर दौड़ जीती थी। बोल्ट ने 9.58 सेकंड में 100 मीटर, 19.19 सेकंड में 200 मीटर और 36.84 सेकंड में 4x100 मीटर का विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर बोल्ट ने खुशी जताई। उन्होंने कहा, “मैं आगामी पुरुष टी20 विश्व कप का एम्बेसडर बनकर रोमांचित हूं। कैरेबिया से आने के कारण क्रिकेट मेरे जीवन का हिस्सा है। इस खेल ने हमेशा मेरे दिल में एक विशेष स्थान रखा है।"
उन्होंने बताया कि अमेरिका में क्रिकेट का आना बड़ी बात है। उन्होंने आगे कहा, “हालांकि मैं विश्व कप में वेस्टइंडीज का समर्थन करूंगा, लेकिन इस खेल को अमेरिका में लाना क्रिकेट के लिए बड़ी बात है। यह दुनिया का सबसे बड़ा खेल बाजार है। टी20 विश्व कप के लिए हम जो ऊर्जा लाएंगे वह 2028 में एलए ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल करने की दिशा में एक बड़ा अवसर है।"
एम्बेसडर के रूप में, बोल्ट टी20 विश्व कप को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज्योफ एलार्डिस ने कहा, "उसैन बोल्ट एक वैश्विक आइकन हैं, हम उन्हें टी20 विश्व कप के लिए एम्बेसडर के रूप में शामिल करके रोमांचित हैं। क्रिकेट के प्रति उनका जुनून जगजाहिर है, जो उन्हें इस भूमिका के लिए बिल्कुल उपयुक्त बनाता है।''