टी20 विश्व कप से बाहर किए गए बांग्लादेश के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसी खबरें आई थी कि बांग्लादेश के पत्रकारों का एक्रिडिटेशन (मान्यता) अनुरोध को आईसीसी ने खारिज कर दिया है। लेकिन अब क्रिकेट की वैश्विक संस्था ने इस मामले में हस्तक्षेप किया है। आईसीसी भारत में टी20 विश्व कप कवर करने की इच्छा रखने वाले बांग्लादेश के पत्रकारों के लिए मीडिया एक्रिडिटेशन पर फिर से काम कर रहा है। बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था।
क्यों उठा है विवाद?
- बांग्लादेश के लगभग 80-90 पत्रकारों ने मीडिया एक्रिडिटेशन के लिए अनुरोध किया था और सूत्रों ने कहा कि भले ही उनकी टीम आईसीसी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही होती, तब भी सभी के अनुरोध को पूरा नहीं किया जा सकता था।
- आईसीसी सूत्रों ने कहा, प्रक्रिया पर फिर से काम किया जा रहा है क्योंकि अनुरोध की संख्या और कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। एक्रिडिटेशन सूची उसी हिसाब से तैयार की जा रही हैं।
- सूत्र ने कहा, अगर आप देश के कोटे के हिसाब से देखें तो आप 40 से ज्यादा को अनुमति नहीं दे सकते। आईसीसी घरेलू बोर्ड की सिफारिशों के हिसाब से चलता है और उसी के अनुसार आवेदन पर फैसला लेता है।
बीसीबी ने आईसीसी के समक्ष उठाया मुद्दा
ढाका में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के मीडिया समिति चेयरमैन अमजद हुसैन ने कहा कि उन्होंने इस मामले को आईसीसी के समक्ष उठाया है। उन्होंने ढाका में पत्रकारों से कहा, यह फैसला कल ही आया और हमने जानने की कोशिश की है। स्पष्टीकरण मांगा गया है। यह एक अंदरूनी और गोपनीय मामला है, लेकिन संक्षेप में कहें तो हम जानना चाहते थे कि ऐसा क्यों किया गया।
पता चला है कि बांग्लादेशी मीडिया के सदस्यों को एक्रिडिटेशन के लिए फिर से फॉर्म भरना होगा और उनके आवेदन का मूल्यांकन किया जाएगा। आईसीसी के मूल्यांकन के अनुसार बांग्लादेश क्रिकेट टीम को भारत में सुरक्षा का कोई खतरा नहीं था, लेकिन देश के क्रिकेट बोर्ड ने फिर भी वहां की यात्रा नहीं करने का फैसला किया। इसके बाद आईसीसी ने सात फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया।