अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को महिलाओं की ताजा वनडे रैंकिंग जारी कर दी। भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को तगड़ा फायदा हुआ है। वह एक स्थान की छलांग लगाकर शीर्ष पांच में शामिल हो गई हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड की अमेलिया कर को पीछे छोड़ दिया।
शीर्ष पांच में पहुंचीं दीप्ति
27 वर्षीय भारतीय ऑलराउंडर 344 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर पहुंच गई हैं। हरफनमौला खिलाड़ियों की लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर शीर्ष पर मौजूद हैं। दीप्ति टी20 ऑलराउंडर की रैंकिंग में में तीसरे और वनडे में गेंदबाजों की रैंकिंग में चौथे स्थान पर मौजूद हैं।
सातवें पायदान पर पहुंची अटापट्टू
श्रीलंका की शीर्ष ऑलराउंडर चामरी अटापट्टू न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल में समाप्त हुई सीरीज के बाद दो स्थान के फायदे से ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड के साथ संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ 2-0 से सीरीज जीती थी जिसमें अटापट्टू ने 25 रन बनाने के अलावा तीन विकेट चटकाए थे।