भारतीय टीम की स्टार स्पिनर दीप्ति शर्मा को न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज में दमदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। मंगलवार को आईसीसी की तरफ से जारी की गई ताजा वनडे रैंकिंग में वह दो स्थानों की छलांग लगाकर दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। शीर्ष पर 770 अंकों के साथ इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन हैं।
घातक गेंदबाजी का मिला दीप्ति को फायदा
न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी घरेलू सीरीज में दीप्ति ने अपनी घातक गेंदबाजी से दो विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 3.42 का रहा। आज दोनों टीमों के बीच इस सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जा रहा है। फिलहाल यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।
पहली बार इस स्थान पर पहुंची दीप्ति
27 वर्षीय खिलाड़ी ने हाल ही में समाप्त हुए टी20 विश्व कप में दमदार प्रदर्शन किया था। अब उन्होंने वनडे सीरीज में अपना दम दिखाया है। इसका फायदा उन्हें आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में मिला है। दीप्ति पहली बार अपने करियर में आईसीसी की वनडे रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंची हैं।
शीर्ष 10 के अलावा हुए ये बदलाव
शीर्ष 10 के अलावा भी आईसीसी की वनडे रैंकिंग में कुछ बदलाव हुए हैं। न्यूजीलैंड की ली ताहुहू तीन पायदान के फायदे के साथ 12वें स्थान पर पहुंच गई हैं। अमेलिया केर 13वें और कप्तान सोफी डिवाइन नौ स्थानों के फायदे के साथ 30वें पायदान पर पहुंच गई हैं।
मंधाना को हुआ नुकसान
स्मृति मंधाना को बल्लेबाजों की वनडे रैंकिंग में तगड़ा झटका लगा है। वह एक स्थान के नुकसान के साथ चौथे पायदान पर पहुंच गई हैं। उनके खाते में 705 अंक हैं। वहीं, कीवी टीम की कप्तान सोफी डिवाइन तीन स्थानों के फायदे के साथ आठवें पायदान पर पहुंच गई हैं।